TRENDING TAGS :
बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, सवार सभी 6 लोगों की मौत, CM धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। जानिए हादसे की पूरी जानकारी।
Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन, सेना और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर शुक्रवार (30 अक्टूबर) दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। दोपहर करीब 2:20 बजे जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद चमोली प्रशासन को चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। विमान जेपी पावर हाउस और मारवाड़ी पुल के नजदीक पहाड़ी से टकराया।
हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान हुई
हादसे के समय हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में मौजूद थे। उनके अलावा पांच यात्री भी सवार थे। इनकी पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। सभी छह लोग पुरुष बताए गए हैं।
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चाई गांव के नजदीक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। सेना, पुलिस, SDRF और ITBP के जवान भी घटनास्थल पर अभियान में जुटे हैं।
सभी छह लोगों की मौत की आशंका, मलबा बरामद
हादसे के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद कर लिया गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में सवार सभी छह लोगों के मारे जाने की आशंका है। हालांकि, उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में अभी सभी छह मौतों की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टर ग्राउंडेड
हादसे के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी है। कंपनी के सभी हेलीकॉप्टरों को ग्राउंडेड कर दिया गया है। हादसे की परिस्थितियों और विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है।
खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ समय से मौसम खराब बना हुआ है। चमोली समेत कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की स्थिति है। बद्रीनाथ और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। शुरुआती रिपोर्टों में खराब मौसम, बारिश और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


