TRENDING TAGS :
अब पहाड़ों में सफर की टेंशन खत्म? CM धामी ने 59 नई बसों को दिखाई हरी झंडी
Uttarakhand New Buses: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई बसों को हरी झंडी दिखाई। नैनीताल, टनकपुर और देहरादून मंडल को मिलीं नई बसें।
CM Pushkar Singh Dhami
Uttarakhand New Buses: उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 (BS-06) उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खासतौर पर पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है।
तीन मंडलों को मिलीं 59 नई बसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम के बेड़े में नई बसें शामिल होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और अलग-अलग क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी न हो।
उत्तराखंड परिवहन निगम की इन 59 नई बसों को प्रदेश के तीन मंडलों में आवंटित किया गया है। इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें मिली हैं। इन बसों का संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा, जिससे आम लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।
परिवहन निगम के बेड़े में अब 1276 बसें
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 बसें और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। आधुनिक बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार ये बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी योगदान देंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन का विशेष महत्व है। बेहतर परिवहन सेवाओं से आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। राज्य सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों को नई बस सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


