सिल्क्यारा रेस्क्यू की यादों से भावुक हुए सीएम धामी, बोले- 17 दिन तक हर पल थी 41 श्रमिकों की चिंता

Uttarakhand News: सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान को याद कर सीएम पुष्कर सिंह धामी भावुक हुए। उन्होंने बताया कि कैसे 17 दिनों के प्रयास के बाद सुरंग में फंसे 41 श्रमिक सुरक्षित बाहर आए।

Newstrack Network
Published on: 27 Nov 2026 7:31 PM IST
सिल्क्यारा रेस्क्यू की यादों से भावुक हुए सीएम धामी, बोले- 17 दिन तक हर पल थी 41 श्रमिकों की चिंता
X

Uttarakhand News: सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान को याद करता हूं तो आज भी मन भावुक हो जाता है। 12 नवंबर 2023 का वह दिन मैं कभी नहीं भूल सकता। पूरा देश दीपावली का पर्व मना रहा था और उसी दिन उत्तरकाशी से यह खबर आई कि सिल्क्यारा-बड़कोट निर्माणाधीन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए हैं। जैसे-जैसे घटना की गंभीरता सामने आई, हमारी सबसे बड़ी चिंता उन 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की थी।

उस समय मेरे मन में केवल एक बात थी कि सुरंग के अंदर फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर लाना है। उनके परिवारों की चिंता, उनकी आंखों में अपने परिजनों को सुरक्षित देखने की उम्मीद और सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों का भरोसाकृइन सबने हमारे संकल्प को और मजबूत किया। मैंने श्रमिकों के परिजनों से कहा था कि हम पूरी ताकत से प्रयास करेंगे और उनके अपनों को सुरक्षित वापस लाएंगे। उनके परिवारों के साथ बिताया गया हर क्षण आज भी मेरी स्मृतियों में है। एक मुख्यमंत्री के रूप में वह केवल एक जिम्मेदारी नहीं थी, बल्कि मेरे लिए व्यक्तिगत संकल्प भी था। हर बैठक में, हर समीक्षा में और हर निर्णय के दौरान मेरे सामने उन 41 श्रमिकों के चेहरे और उनके परिवारों की उम्मीदें रहती थीं।

सिल्क्यारा में परिस्थितियां लगातार चुनौतीपूर्ण थीं। कई बार ऐसा लगता था कि अब हम सफलता के बहुत करीब पहुंच गए हैं। लगता था कि आज श्रमिकों को बाहर निकाल लेंगे, लेकिन तभी कोई नई रुकावट सामने आ जाती थी। कभी मलबा रास्ता रोक देता था, कभी चट्टानों के कारण मशीनों के सामने कठिनाई आती थी और कभी हमें अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ता था। ऑगर मशीन से ड्रिलिंग के दौरान आई बाधाओं ने चुनौती को और कठिन बना दिया था। लेकिन हमने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी। एक रास्ते में रुकावट आई तो दूसरे विकल्प पर काम शुरू किया गया। क्षैतिज ड्रिलिंग के साथ वर्टिकल ड्रिलिंग, वैकल्पिक मार्ग और अन्य तकनीकी विकल्पों पर एक साथ काम किया गया। देश के विशेषज्ञों के साथ अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता ली गई। हर एजेंसी, हर विशेषज्ञ और हर व्यक्ति का एक ही लक्ष्य थाकृमलबे के उस पार फंसी 41 जिंदगियों तक पहुंचना।

इन सबके बीच सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों का साहस हमारे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा था। 17 दिन तक इतनी कठिन परिस्थितियों में रहकर भी उन्होंने जिस धैर्य और हिम्मत का परिचय दिया, उसने बाहर काम कर रही पूरी टीम का हौसला बढ़ाया। जब उनकी आवाज हम तक पहुंचती थी और हमें पता चलता था कि उनका मनोबल बना हुआ है, तो हमें भी विश्वास मिलता था कि हमें हर परिस्थिति में आगे बढ़ना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी लगातार पूरे अभियान की जानकारी लेते रहे। उनका स्पष्ट संदेश था कि श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाए। केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों, राज्य की एजेंसियों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर काम किया। यह वास्तव में पूरे देश के सामूहिक प्रयास का अभियान था।

मुझे आज भी 28 नवंबर 2023 का वह क्षण याद है, जब पहला श्रमिक सुरंग से बाहर आया। वह क्षण मेरे लिए शब्दों से परे था। ऐसा लगा जैसे कोई अपने जीवन की कठिन परीक्षा से निकलकर सुरक्षित घर लौट आया हो। इसके बाद जब एक-एक करके सभी 41 श्रमिक सुरक्षित बाहर आए, तो केवल उनके परिवारों में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई। उस समय सबसे बड़ी संतुष्टि इस बात की थी कि जिन परिवारों ने 17 दिन तक चिंता और अनिश्चितता में बिताए थे, उनके अपने लोग सुरक्षित उनके बीच लौट आए। मैंने उनके परिजनों से जो वादा किया था, वह पूरा हुआ। मेरे लिए इससे बड़ी खुशी और संतोष की बात कोई और नहीं हो सकती।

इन कठिन परिस्थितियों में हमारा विश्वास और हौसला बनाए रखने में बाबा बौखनाग के प्रति लोगों की आस्था ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों और श्रमिकों के परिवारों की बाबा बौखनाग के प्रति गहरी श्रद्धा थी। मुझे भी विश्वास था कि बाबा बौखनाग की कृपा और सभी की प्रार्थनाओं के साथ हम इस कठिन परीक्षा से निकलेंगे।

सिल्क्यारा ने हमें सिखाया कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, उम्मीद और प्रयास कभी नहीं छोड़ना चाहिए। इस अभियान ने यह भी साबित किया कि आपदा के समय साहस, धैर्य, त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय, तकनीकी विशेषज्ञता और मानवीय संवेदना सभी की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story