TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट, CM धामी ने सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
Uttarakhand News: उत्तराखंड में भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने SDRF-NDRF समेत सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।
Uttarakhand Heavy Rain Alert (Image Credit-Social Media)
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में हाई अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से फोन पर बातचीत कर विभिन्न जिलों में मौसम और हालात की जानकारी ली। उन्होंने संभावित आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ हाई अलर्ट पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी के राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों और नदी-नालों पर नजर
सीएम धामी ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही नदी-नालों के जलस्तर पर भी सतत नजर रखने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने और किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करें।
तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अन्य में येलो अलर्ट
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।
पर्यटकों और आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग सावधान और सतर्क रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और मार्ग की ताजा जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधनों और राहत दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचनाओं पर करें भरोसा
विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। मौसम और आपदा से संबंधित जानकारी के लिए केवल प्रशासन और अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


