मुक्तेश्वर से मसूरी तक 658 KM का सफर, उत्तराखंड MTB चैलेंज में 66 साइकिलिस्ट लेंगे हिस्सा

Uttarakhand News: उत्तराखंड में हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का आगाज हो गया है। 658 किलोमीटर की इस रेस में 18 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ सेना, एयरफोर्स और ITBP के जवान भी शामिल हैं।

Newstrack Network
Published on: 20 Nov 2026 5:10 PM IST
मुक्तेश्वर से मसूरी तक 658 KM का सफर, उत्तराखंड MTB चैलेंज में 66 साइकिलिस्ट लेंगे हिस्सा
X

Uttarakhand News: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और ITBP के जवान भी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 66 प्रतिभागी रेस में शामिल हो रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन हो रहा है। इस आयोजन का शुभारंभ मुक्तेश्वर से होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि शासन में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल भी इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को जोड़ने पर जोर

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते के रूप में जोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। इस तरह के आयोजन प्रदेश के सभी क्षेत्रों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

10 जनपदों से गुजरते हुए 26 नवंबर को मसूरी पहुंचेगी रेस

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। साइकिल रेस प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसका समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 18 राज्यों तथा एयरफोर्स, आर्मी और ITBP के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 80 व्यक्तियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 14 व्यक्ति विभिन्न कारणों से प्रतिभाग नहीं कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में पहचान बनाने का लक्ष्य

सचिव पर्यटन ने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म, माउंटेन साइक्लिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

इस आयोजन के माध्यम से सरकार खेल, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर उत्तराखंड की वैश्विक पहचान मजबूत करना चाहती है। उन्होंने अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026, अल्ट्रा मैराथन, एंगलिंग मीट सहित विभिन्न साहसिक खेलों के माध्यम से सरकार के प्रमुख उद्देश्यों की जानकारी दी।

1. उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब बनाना

हिमालयी क्षेत्रों को माउंटेन बाइकिंग और साहसिक खेलों के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करना। देश-विदेश के पेशेवर साइकिलिस्टों और पर्यटकों को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करना। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए एक विशिष्ट पहचान दिलाना।

2. शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना

पर्यटन गतिविधियों को केवल गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रखना। सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाना और ऑफ-सीजन में होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट तथा स्थानीय पर्यटन कारोबार को प्रोत्साहित करना।

3. स्थानीय अर्थव्यवस्था एवं रोजगार को मजबूत करना

ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करना। स्थानीय युवाओं को गाइड, होमस्टे संचालक, परिवहन, खानपान और अन्य पर्यटन सेवाओं से जोड़ना।

4. उत्तराखंड की संस्कृति एवं प्राकृतिक संपदा का प्रचार

देश-दुनिया के प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और परंपराओं से परिचित कराना। हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता का प्रचार करना। 'लोकल फॉर वोकल' तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना।

5. प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण नए क्षेत्रों को पहचान दिलाना

प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त कम प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाना। राज्य के विभिन्न जनपदों को पर्यटन की एक साझा श्रृंखला में जोड़ना।

ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस दौरान प्रबंध निदेशक केएमवीएन विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, प्रबंधक केएमवीएन मनीष सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति सदस्य नितिन राणा और जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story