TRENDING TAGS :
Uttarakhand MTB चैलेंज से पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
Uttarakhand News: 10 जनपदों से होकर गुजरेगी 658 किलोमीटर की साइकिलिंग प्रतियोगिता, 80 प्रतिभागी हुए शामिल, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन।
Uttarakhand MTB चैलेंज से पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को मिलेगी नई पहचान (Photo- Newstrack)
Uttarakhand News: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता व सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे सभी साइकिलिस्टों का स्वागत किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का काम कर रहे हैं। यह साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को करीब से जानने का मौका मिलता है।
स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को मिलेगी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन 'लोकल फॉर वोकल' की भावना को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करते हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले देश-विदेश के साइकिलिस्ट और पर्यटक उत्तराखंड की कला, संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों और जैव विविधता से रूबरू होंगे। इससे प्रदेश को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 जैसे आयोजन प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाएंगे। साथ ही उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल और नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और लोकधुनों के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम का खास आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से राजुला और मालूशाही के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने लोकगाथा को जीवंत कर दिया और दर्शकों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराया।
इसके अलावा 'तेरो नथुली को डोर' गीत पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। कलाकारों की पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस प्रस्तुति के जरिए कुमाऊं की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ की जीवनशैली को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथिगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


