TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: 28 से 30 जून तक उत्तराखंड में मानसून होगा सक्रिय, पिथौरागढ़-बागेश्वर में भारी बारिश के संकेत
Uttarakhand News: उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने 28 से 30 जून तक कई जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। देहरादून समेत पर्वतीय क्षेत्रों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Uttarakhand News (Image Credit-Social Media)
देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 29 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा जारी रहने की संभावना है। 30 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
देहरादून में भी मौसम ने बदली करवट
राजधानी देहरादून में शुक्रवार को दिनभर उमस और तेज धूप के बाद शाम के समय कई इलाकों में बारिश हुई। बंगालीवाला, हरिद्वार बाईपास, लाडपुर, रायपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक बारिश का दौर चला, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में भी देहरादून में बादल छाए रहने और शाम या रात के समय हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।


