लोकथात महोत्सव में CM धामी का ऐलान, बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सभागार

Uttarakhand News: CM धामी ने बिन्दुखत्ता में लोकथात महोत्सव के समापन पर लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि दी। सांस्कृतिक सभागार और विकास कार्यों की घोषणा भी की।

Newstrack Network
Published on: 23 Nov 2026 6:43 PM IST
लोकथात महोत्सव में CM धामी का ऐलान, बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सभागार
X

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद नैनीताल के बिन्दुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. मेहरा के परिजनों को सम्मानित किया तथा उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान का स्मरण किया।


मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्यों को कराए जाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि वे केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की सजीव अभिव्यक्ति मिलती है। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ ही लोगों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 'गर्भ भितेरा बेटी ना मार' जैसे गीत के माध्यम से स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि 'ऐजा मेरा दानपुरा' जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा लगाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें। स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी से यह स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई देते हुए कहा कि लोकथात हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं से भी है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखता है, उसकी जड़ें सदैव मजबूत बनी रहती हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 'विकास भी और विरासत भी' के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ ही मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून सहित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। सूर्यानाला तथा लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र में लंबे समय से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों की स्थापना की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला एवं नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव की रोकथाम के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने के कार्य भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं से जुड़ा है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है तथा भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति, बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी राजस्व ग्राम के विषय में चर्चा की तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं का समाधान करना भी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो तथा विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर लोक कलाकार श्री नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार श्री मंगल सिंह चौहान तथा श्री जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष नैनीताल श्री प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी श्री शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त श्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं श्रीमती निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., लोक कलाकार श्री कमल मेहरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story