TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: धामी ने मसूरी में विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले—हर वादा पूरा करेंगे
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में 17.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिना रुके और बिना थके जनता से किए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Uttarakhand News(Photo-Social Media)
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और प्रदेश सरकार बिना रुके, बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम दौर की ओर बढ़ रहा है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड को खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी सरकार लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी पर्यटन या वेडिंग डेस्टिनेशन की बात होती है तो मसूरी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर मुख्य सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से कई गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है।
उन्होंने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। बाढ़ सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों तथा न्यू कैंट रोड क्षेत्र में भी सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ सुशासन और पारदर्शिता पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल नकारात्मक राजनीति और अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं, जबकि सरकार जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकीय बदलाव रोकने के उद्देश्य से सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के साथ ही दंगों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही क्षतिपूर्ति वसूलने का कानून भी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, 'एक जनपद दो उत्पाद', 'हाउस ऑफ हिमालयाज', 'होम स्टे योजना', 'वेड इन उत्तराखंड' और 'सौर स्वरोजगार योजना' जैसी पहलें चला रही है। इन योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और महिलाएं आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


