Uttarakhand News: देहरादून-मसूरी रोड पर हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक

Uttarakhand News: मसूरी-देहरादून मार्ग पर राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक 100 मीटर गहरी खाई में गिरा, चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हुआ है।

Newstrack/IANS
Published on: 6 May 2026 11:32 AM IST
Uttarakhand News
X

Uttarakhand News

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे मसूरी झील से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस, 108 एंबुलेंस और उप जिला चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। खाई की गहराई और दुर्गम स्थान के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही थी, जिसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। सभी एजेंसियों ने मिलकर संयुक्त रूप से राहत अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, ट्रक देहरादून रेलवे स्टेशन से कोल्ड ड्रिंक, तेल और अन्य राशन सामग्री लेकर उत्तरकाशी जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और ट्रक खाई में गिर गया। हादसे में चालक मुबारिक निवासी टिमली, थाना सहसपुर, देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेल्पर साजिद गंभीर रूप से घायल हो गया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला। घायल साजिद को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद का झोंका आने की आशंका जताई जा रही है, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। क्षेत्रीय निवासियों ने पहाड़ी सड़कों पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, हादसे की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है, आगे इस तरह की घटना न हो, इसको रोकने के लिए उचित प्रबंध किए जा रहे हैं।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story