दीपावली से पहले खाते में आएंगे पेंशन के पैसे! धामी सरकार ने 9.99 लाख लोगों को दी राहत

Uttarakhand Pension Scheme: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अक्टूबर 2026 की पेंशन के 148.18 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए 9.99 लाख लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए।

Newstrack Network
Published on: 5 Nov 2026 2:54 PM IST
Pushkar Singh Dhami
X

Pushkar Singh Dhami

Uttarakhand Pension Scheme: उत्तराखंड में दीपावली से पहले लाखों पेंशन लाभार्थियों को सरकार की ओर से आर्थिक राहत दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी। डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से प्रदेश के कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये हस्तांतरित किए गए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जरिए पात्र लोगों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डीबीटी व्यवस्था के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी की संभावना कम हुई है।

वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद करती हैं। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कुछ लाभार्थियों को पेंशन से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर लगभग 7 हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

दीपावली से पहले पेंशन पहुंचाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की धनराशि हर महीने समय पर लाभार्थियों के खातों में पहुंचे। दीपावली से पहले भी पेंशन की राशि लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखी जाए और पात्र लाभार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने सभी लाभार्थियों को दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और कुशलता की कामना की।

किस पेंशन योजना के कितने लाभार्थियों को मिली राशि?

कार्यक्रम में दी गई जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2026 में वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। वहीं, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये दिए गए।

इसके अलावा किसान पेंशन के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन के 2 हजार 248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी धनराशि का भुगतान किया गया। इस तरह अक्टूबर महीने में कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये भेजे गए।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक हेमलता पाण्डेय उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story