Uttarakhand News: उत्तराखंड में SIR की तेज हुई प्रक्रिया, 24 लाख में 19 लाख मतदाताओं को मिले नोटिस

Uttarakhand News: उत्तराखंड में SIR को लेकर CEO डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने राजनीतिक दलों से फीडबैक लिया। 24 लाख नोटिसों में करीब 19 लाख मतदाताओं तक पहुंचे।

Newstrack Network
Published on: 5 Aug 2026 7:38 PM IST
Uttarakhand SIR 2026
X

Uttarakhand SIR 2026 (Image Credit-Newstrack)

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तृत चर्चा की और उनसे फीडबैक लिया। बैठक में SIR के नोटिस चरण के तहत चल रही सुनवाई की प्रक्रिया के बारे में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि SIR के दौरान किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 24 लाख नोटिसों के सापेक्ष लगभग 19 लाख यानी 77 प्रतिशत नोटिस BLO के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।



उन्होंने बताया कि अब तक फॉर्म-6 के 93 हजार से अधिक, फॉर्म-7 के 1 लाख 39 हजार और फॉर्म-8 के 40 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-7 से संबंधित मामलों में ERO/AERO स्तर पर सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

दावे-आपत्तियों की सघन जांच के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियों के चरण में एक मतदाता अधिकतम पांच मामलों में दावे या आपत्तियां प्रस्तुत कर सकता है। यदि किसी क्षेत्र में इससे अधिक मामले सामने आते हैं तो निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ERO अपने स्तर से मामलों की विधिवत जांच और सत्यापन करेंगे।

इसी तरह राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) एक दिन में अधिकतम 10 फॉर्म प्रस्तुत कर सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि के दौरान 30 फॉर्म प्रस्तुत किए जाने पर ERO द्वारा अपने स्तर से उनकी विधिवत जांच और सत्यापन किया जाएगा।

सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का BLO स्तर पर निस्तारण



मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि सभी जनपदों को निर्देश दिए गए हैं कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का BLO दस्तावेज प्राप्त कर सत्यापन करने के बाद अपने स्तर पर निस्तारण करें। इसका उद्देश्य नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे मामलों में ERO/AERO स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से सूर्यकांत धस्माना और अमेंद्र बिष्ट, बहुजन समाज पार्टी से सतेंद्र चोपड़ा और जसपाल तथा सीपीआई (एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story