उत्तराखंड में युवाओं के लिए खुले अवसरों के नए द्वार, सरकारी नौकरी से लेकर विदेशी रोजगार तक पहल

Uttarakhand News: उत्तराखंड में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली। विदेशी रोजगार, मुफ्त कोचिंग, छात्रवृत्ति और विज्ञान-नवाचार के क्षेत्र में भी सरकार ने कई पहल की हैं।

Newstrack Network
Published on: 26 Nov 2026 6:55 PM IST
उत्तराखंड में युवाओं के लिए खुले अवसरों के नए द्वार, सरकारी नौकरी से लेकर विदेशी रोजगार तक पहल
X

Uttarakhand News: उत्तराखंड सरकार ने विगत पांच वर्ष के दौरान युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ ही शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में कई पहल की हैं। पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के अलावा युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया है।

35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

प्रदेश में बीते पांच वर्ष में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू, नकल माफिया पर लगाम कसने का काम किया। उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन प्रदान किया गया है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उद्यमिता और कौशल प्रशिक्षण के साथ बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में देने की योजना भी शुरू की गई है।

विदेश में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक इस पहल के माध्यम से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। वहीं, मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

स्कूली शिक्षा में तकनीक और छात्रवृत्ति पर जोर

शिक्षा के क्षेत्र में पीएम श्री योजना के पहले चरण में 141 और दूसरे चरण में 84 विद्यालयों का चयन किया गया है। इसके अलावा 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 21,743 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना भी शुरू की गई है।

विज्ञान और अनुसंधान के लिए नई सुविधाएं

विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए लैब ऑन व्हील कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। सभी जनपदों में विज्ञान केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी कार्य हो रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ना है।

साक्षरता और उच्च शिक्षा में नई पहल

उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। वहीं, टिहरी गढ़वाल के मदन नेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिली है और अल्मोड़ा के द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरित की गई है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story