TRENDING TAGS :
शंघाई में उत्तराखंड के युवाओं का जलवा, सानिया और पार्थ ने जीता रजत पदक
WorldSkills 2026 Uttarakhand: चीन के शंघाई में आयोजित वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने रजत पदक जीता। भारत ने 8 रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए।
Sania Joshi
WorldSkills 2026 Uttarakhand: चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उत्तरकाशी की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ वोहरा ने औद्योगिक डिजाइन तकनीकी कौशल में रजत पदक अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दोनों युवाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रतिष्ठित कौशल मंच पर उत्तराखंड के युवाओं द्वारा देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक जैसा प्रतिष्ठित मंच
इस संबंध में परियोजना निदेशक, उत्तराखंड कौशल विकास समिति नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक के समान प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। इस प्रतियोगिता में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 विभिन्न कौशल विधाओं में हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि भारत ने प्रतियोगिता में 8 रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर विश्व स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
इंडियास्किल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद वर्ल्डस्किल्स में बनाई जगह
नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने इंडियास्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया था।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति की ओर से दोनों प्रतिभागियों को प्रशिक्षण, बूट-कैंप, यात्रा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) की ओर से भी दोनों प्रतिभागियों को आवश्यक प्रशिक्षण और सहयोग दिया गया।
उत्तराखंड के युवाओं की उपलब्धि से बढ़ा गौरव
वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता जैसे वैश्विक मंच पर उत्तराखंड के दो युवाओं का रजत पदक हासिल करना प्रदेश के कौशल विकास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों युवाओं ने अपनी प्रतिभा और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए देश का प्रतिनिधित्व किया और प्रदेश का नाम रोशन किया।


