TRENDING TAGS :
हरिद्वार अर्धकुंभ के लिए केंद्र का बड़ा फैसला, उत्तराखंड को मिलेगा 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त अनाज
Ardh Kumbh Mela 2027: हरिद्वार में अर्धकुंभ मेला-2027 के आयोजन के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है।
फोटो-सोशल मीडिया
Ardh Kumbh Mela 2027: हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार को केंद्र से बड़ी मदद मिली है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं और अन्य व्यवस्थाओं के लिए खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने राज्य को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है।
इसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और इतनी ही मात्रा में चावल शामिल है। उत्तराखंड सरकार ने अर्धकुंभ के दौरान खाद्यान्न की मांग और आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए केंद्र से अतिरिक्त आवंटन का अनुरोध किया था।
केंद्र सरकार ने पत्र के माध्यम से दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन की जानकारी दी। पत्र के अनुसार, भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने अर्धकुंभ मेले के लिए गेहूं और चावल की अतिरिक्त मात्रा स्वीकृत की है।
खाद्यान्न आपूर्ति और वितरण में मिलेगी मदद
अर्धकुंभ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता और उसकी समय पर आपूर्ति महत्वपूर्ण होगी। केंद्र से मिले अतिरिक्त आवंटन से मेले के दौरान खाद्य सामग्री की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्धकुंभ मेले के लिए उत्तराखंड को अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से अर्धकुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।


