कुंभ 2027 की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने 78.18 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी

Uttarakhand News: उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए CM धामी ने 78.18 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। कुंभ 2027 की तैयारियों के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को हरी झंडी मिली।

Newstrack Network
Published on: 13 Nov 2026 6:44 PM IST
कुंभ 2027 की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने 78.18 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
X

Uttarakhand News: उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है।उन्होंने कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और आपदा राहत के कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है।

अल्मोड़ा, पौड़ी और बागेश्वर में सुधरेंगी सड़कें

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण और सुधारीकरण के लिए धनराशि मंजूर की है।

सल्ट, अल्मोड़ा: मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सल्ट, अल्मोड़ा: रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।

कोटद्वार, पौड़ी: चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के 13 से 16 किमी तक सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

चौबट्टाखाल, पौड़ी: फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

कपकोट, बागेश्वर: रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग के 21.500 से 30.050 किमी तक सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार में पेयजल व्यवस्था होगी बेहतर

हरिद्वार के बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए 3.68 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिली है।

इस धनराशि से अस्थायी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। स्टैंड पोस्ट और पीवीसी टैंक लगाए जाएंगे। अस्थायी जल संयोजन और वाटर फिल्टर की व्यवस्था भी होगी। इनके रखरखाव का काम भी किया जाएगा।

कुंभ 2027 के लिए हरिद्वार में होंगे ये काम

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में कई विकास कार्य किए जाएंगे।

1.वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो और म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग, स्थापना और संचालन के लिए 4.43 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

2.भीमगोड़ा में सौंदर्यीकरण और उन्नयन के लिए 3.43 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

3.शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

4.कुंभ और अर्द्धकुंभ की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर 10 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इससे मशीन, उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री खरीदी जाएगी।

आपदा प्रभावितों को मिलेंगे 18 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जिले के प्राकृतिक आपदा प्रभावित लोगों को भी राहत दी है। प्रभावित व्यक्तियों को राहत और अनुग्रह सहायता देने के लिए 18 करोड़ रुपये आवंटित करने की मंजूरी दी गई है।

सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा। साथ ही कुंभ मेला 2027 के आयोजन की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story