खटीमा में CM धामी का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड के तीन जिलों में बनाए जाएंगे 20 नए छठ घाट

Uttarakhand News: खटीमा के दीपावली मेले में सीएम धामी ने 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा की। देहरादून और चम्पावत में भी धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा।

Newstrack Network
Published on: 2 Nov 2026 9:24 PM IST
खटीमा में CM धामी का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड के तीन जिलों में बनाए जाएंगे 20 नए छठ घाट
X

खटीमा के दीपावली मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में छठ पूजा के लिए नए घाटों के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ देहरादून और चम्पावत में भी छठ पूजा के लिए घाट विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को अपनी विरासत से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

ऊधम सिंह नगर के आठ क्षेत्रों में बनेंगे छठ घाट

मुख्यमंत्री ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठनों के सेवा और संस्कार से जुड़े प्रयास समाज को एकजुट करने और सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने का काम करते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा की। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट और विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट पर भी छठ पूजा के घाट बनाए जाएंगे। चम्पावत जिले के बनबसा में भी छठ घाट विकसित करने की घोषणा की गई।


केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के धार्मिक स्थलों का होगा विकास

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त हुई बाबा केदार की नगरी को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास के साथ उत्तराखंड की संस्कृति का संरक्षण और उसका प्रसार करना है। जिस प्रकार केदारखंड में चारधामों का विकास किया गया है, उसी तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। साथ ही इन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विकास भी तेजी से किया जा रहा है।

3,000 करोड़ की लागत से आगे बढ़ रहे गंगा और शारदा कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।


उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में 'सेंटर फॉर हिंदू स्टडी' की स्थापना की गई है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story