स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: काशीपुर और रुद्रपुर ने हासिल किया पहला स्थान, सीएम धामी ने जताया गर्व

Uttarakhand News: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर और रुद्रपुर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों शहरों को प्रथम पुरस्कार मिलने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बधाई दी।

Newstrack Network
Published on: 12 Nov 2026 9:17 PM IST
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: काशीपुर और रुद्रपुर ने हासिल किया पहला स्थान, सीएम धामी ने जताया गर्व
X

Uttarakhand News: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखण्ड के दो शहरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। काशीपुर को प्रदेश में पहला स्थान मिला है, जबकि रुद्रपुर ने हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार हासिल किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों शहरों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में दोनों नगर निकायों को मिली उपलब्धियों की जानकारी दी।


दरअसल, बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से काशीपुर और रुद्रपुर को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार शहरी स्वच्छता, बेहतर कचरा प्रबंधन और स्थानीय निकायों में किए गए सुधारों के लिए दिया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला सम्मान पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया है। राज्य सरकार भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।

स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यह हर नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। इसके लिए शहरी क्षेत्रों में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई जरूरी है।

उन्होंने कहा कि निकायों को जनभागीदारी बढ़ाने के साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धि दूसरे नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा है। सभी निकायों को आपसी समन्वय, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणाली के जरिए स्वच्छता के मानकों में सुधार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के लिए मिसाल बनेंगे।

इस दौरान शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे और सचिव नितेश झा भी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story