'जरूरत पड़ी तो खून भी कर दूंगा', अनंत सिंह के पुराने दोस्त ने शादी में क्यों कही ये बात?
Anant Singh Jail Friend: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी में उनके जेल के पुराने दोस्त भी पहुंचे। उन्होंने दोस्ती के पुराने किस्से सुनाए और दावा किया कि वह शादी में 10 राइफल और 500 राउंड गोलियां लेकर आए हैं। जानिए उन्होंने और क्या कहा।
Anant Singh Friend
Anant Singh Jail Friend: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी इन दिनों अपने भव्य इंतजाम और खास मेहमानों की मौजूदगी को लेकर चर्चा में है। समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और पूर्व सांसद साधु यादव समेत कई चर्चित चेहरे पहुंच रहे हैं। लेकिन इन मेहमानों के बीच एक ऐसे शख्स ने भी सबका ध्यान खींचा, जिसका रिश्ता अनंत सिंह से काफी पुराना है। वह अनंत सिंह के जेल के साथी रह चुके हैं। शादी में पहुंचे इस पुराने मित्र ने अपनी दोस्ती के किस्से सुनाए और कुछ ऐसे बयान दिए, जिनकी समारोह में खूब चर्चा हो रही है।
जेल में शुरू हुई थी अनंत सिंह और उनके दोस्त की दोस्ती
अनंत सिंह के पुराने मित्र ने बताया कि जब विधायक जेल पहुंचे थे, उस समय वह पहले से ही वहां बंद थे। जेल में मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता गहरा होता चला गया। उन्होंने दावा किया कि दोनों की दोस्ती इतनी मजबूत हो गई थी कि अनंत सिंह के जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने उन्हें भी बाहर निकलवाने में मदद की।
अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह अनंत सिंह के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। यहां तक कि जरूरत पड़ने पर उनके लिए खून करने तक की बात कह दी। उनके इस बयान ने शादी समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
'घोड़ा नहीं, 10 राइफल और 500 राउंड गोलियां लेकर आए हैं'
शिवांगी सिंह की शादी में किए गए भव्य इंतजामों पर भी अनंत सिंह के मित्र ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अब तक उन्होंने ऐसी दूसरी शादी नहीं देखी है। इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि वह शादी में क्या लेकर पहुंचे हैं, तो उन्होंने कहा कि वह घोड़ा लेकर नहीं, बल्कि 10 राइफल और 500 राउंड गोलियां लेकर आए हैं।
हालांकि, शादी में हथियारों से फायरिंग करने के सवाल पर उन्होंने साफ इनकार किया। उनका कहना था कि ये हथियार और गोलियां वह अपनी सुरक्षा के लिए लेकर आए हैं।