Adani Group News: अदाणी-अनुष्का फाउंडेशन की पहल, 10 हजार बच्चों को मिलेगा इलाज
Adani Group News: अदाणी फाउंडेशन और अनुष्का फाउंडेशन की तीन वर्षीय साझेदारी से 5 राज्यों के 61 जिलों में 67 क्लबफुट क्लीनिक मजबूत होंगे, 10,000 बच्चों को लाभ मिलेगा।
अदाणी-अनुष्का फाउंडेशन की पहल, 10 हजार बच्चों को मिलेगा इलाज (Photo- Newstrack)
Adani Group News: अदाणी समूह की सामाजिक विकास शाखा अदाणी फाउंडेशन और क्लबफुट उन्मूलन के लिए कार्यरत विशेषज्ञ गैर-लाभकारी संस्था अनुष्का फाउंडेशन ने विश्व क्लबफुट दिवस के अवसर पर तीन साल की साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल के तहत मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के 61 जिलों में क्लबफुट (टेढ़े पैर) से प्रभावित 10,000 से अधिक बच्चों को इलाज और लंबे समय तक देखभाल का लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में क्लबफुट के सबसे अधिक मामले
इस साझेदारी का औपचारिक शुभारंभ कानपुर स्थित मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय और ट्रॉमा सेंटर में किया गया, जो उत्तर प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में से एक है। उत्तर प्रदेश देश में क्लबफुट के सबसे अधिक मामलों वाले राज्यों में शामिल है, जहां हर साल लगभग 6,000 बच्चे इस स्थिति के साथ जन्म लेते हैं। राज्य के सबसे बड़े जिलों में से एक कानपुर इस चुनौती की गंभीरता और समय पर इलाज की आवश्यकता को दर्शाता है।
क्लबफुट एक जन्मजात स्थिति है, जिसमें बच्चे का एक या दोनों पैर जन्म के समय अंदर की ओर मुड़े हुए होते हैं। यह समस्या लगभग हर 800 नवजातों में से एक को प्रभावित करती है। हालांकि विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त पोंसेटी पद्धति के माध्यम से इसका प्रभावी इलाज संभव है, लेकिन आज भी वंचित समुदायों के अनेक बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे उनकी गतिशीलता, आत्मविश्वास और जीवन की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
अनुष्का फाउंडेशन के मौजूदा क्लबफुट कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए यह पहल अगले तीन सालों में 10,000 से अधिक बच्चों तक पहुंचेगी। इसमें सामुदायिक जागरूकता, मेडिकल केयर, क्षमता निर्माण और परिवारों को सहयोग जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से यह कार्यक्रम शुरुआती पहचान, रेफरल सिस्टम और सार्वजनिक हेल्थ नेटवर्क के माध्यम से इलाज की पहुंच को मजबूत करेगा।
पांच राज्यों के 61 जिलों में स्थित 67 क्लबफुट क्लीनिक
कार्यक्रम के तहत पांच राज्यों के 61 जिलों में स्थित 67 क्लबफुट क्लीनिकों को सहयोग दिया जाएगा। साथ ही 51 स्वास्थ्य पेशेवरों की क्षमता को मजबूत किया जाएगा और 30,000 से अधिक फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर को प्रशिक्षित और संवेदनशील बनाया जाएगा ताकि बच्चों की समय पर पहचान और इलाज सुनिश्चित हो सके।
डॉ. प्रीति अदाणी, चेयरपर्सन, अदाणी फाउंडेशन ने कहा, “क्लबफुट जैसी स्थिति, जिसका समय पर पहचान होने पर प्रभावी इलाज संभव है, किसी भी बच्चे की प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए। हर बच्चे को चलने, सीखने, खेलने और जीवन में पूरी भागीदारी निभाने का अवसर मिलना चाहिए। विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के लिए अवसरों का निर्माण करना हमेशा से अदाणी फाउंडेशन की सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। अनुष्का फाउंडेशन एक ऐसे भविष्य की दिशा में काम कर रहा है, जहां क्लबफुट जैसी समस्या न रहे। हमें इस मिशन को आगे बढ़ाने में सहयोगी बनने पर गर्व है। हम अधिक से अधिक बच्चों को सम्मान, आत्मनिर्भरता और अपनी पूरी क्षमता को हासिल करने का अवसर देने का प्रयास करेंगे।”
दीपक प्रेमनारायण, संस्थापक, अनुष्का फाउंडेशन ने कहा, “क्लबफुट बचपन में होने वाली उन चुनिंदा शारीरिक चुनौतियों में से एक है, जिनका प्रभावी इलाज संभव है। इसके बावजूद हर साल हजारों बच्चे समय पर इलाज से वंचित रह जाते हैं। अदाणी फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी पांच राज्यों के 61 जिलों में गुणवत्तापूर्ण इलाज की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ शुरुआती पहचान और समय पर हस्तक्षेप की व्यवस्था को भी मजबूत करेगी। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिस स्थिति का इलाज संभव है, वह किसी भी बच्चे की शिक्षा और जीवन के अवसरों के रास्ते में आजीवन बाधा न बने।”
भारत में हर साल लगभग 33,000 बच्चे क्लबफुट के साथ जन्म लेते हैं, जिनमें से लगभग 12,000 बच्चे उन पांच राज्यों में जन्म लेते हैं जहां यह कार्यक्रम लागू किया जाएगा। इलाज की पहुंच बढ़ाने, रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने और उपचार की पूरी प्रक्रिया के दौरान परिवारों को सहयोग प्रदान करने के माध्यम से यह पहल देश में क्लबफुट की चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
11 अगस्त को अदाणी फाउंडेशन अपनी स्थापना के 30 साल पूरे करने जा रहा है। यह पहल समुदाय-केंद्रित विकास के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वर्तमान में अदाणी फाउंडेशन 22 राज्यों में कार्यरत है और हर वर्ष 1.33 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर रहा है। इसके कार्यक्रम स्वास्थ्य, शिक्षा, सतत आजीविका, जलवायु और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में संचालित हैं।
अदाणी फाउंडेशन के बारे में जानकारी
साल 1996 से अदाणी फाउंडेशन, अदाणी समूह की सामाजिक कल्याण एवं विकास शाखा के रूप में, देशभर में स्थायी और प्रभावशाली सामाजिक परिवर्तन के लिए कार्य कर रहा है। फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सतत आजीविका, क्लाइमेट एक्शनऔर सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वंचित समुदायों को सशक्त बना रहा है। इसके कार्यक्रम राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और वैश्विक सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप हैं। वर्तमान में अदाणी फाउंडेशन 22 राज्यों के 7,247 गांवों में कार्यरत है और 1.33 करोड़ लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर रहा है।
ज्यादा जानकारी के लिए लॉगिन करें
– https://www.adanifoundation.org/