कोलकाता के अस्पताल में नर्स की रहस्यमयी मौत, टॉयलेट में मिली लाश, फेंटानिल की 3 शीशियों ने बढ़ाया शक
कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज में 30 वर्षीय नर्स की अस्पताल के टॉयलेट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। नर्स ड्यूटी के दौरान फेंटानिल की तीन शीशियां लेकर टॉयलेट गई थी।
Kolkata Nurse Death: कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 30 वर्षीय नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। बुधवार देर रात नर्स अस्पताल के हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में नाइट ड्यूटी पर थी। कुछ देर बाद वह अस्पताल के टॉयलेट में बेहोशी की हालत में मिली, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, नर्स ने रात करीब 8 बजे अपनी ड्यूटी शुरू की थी। करीब 10:20 बजे वह टॉयलेट गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने जब उसे आवाज दी और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें शक हुआ।
दरवाजा अंदर से था बंद
टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद अस्पताल के दो कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर नर्स फर्श पर बेहोश पड़ी मिली। उसे तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
टॉयलेट में ले गई थी फेंटानिल की तीन शीशियां
मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, नर्स नर्सिंग स्टेशन से फेंटानिल की तीन शीशियां लेकर टॉयलेट गई थी। आशंका जताई जा रही है कि नर्स ने एनेस्थीसिया से जुड़ी दवा की अधिक मात्रा ले ली हो सकती है। यह भी संदेह है कि दवा इंजेक्शन के जरिए ली गई हो। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे आत्महत्या नहीं माना है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सुसाइड नोट भी नहीं मिला
पुलिस की शुरुआती जांच में नर्स के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ड्यूटी के समय नर्स के साथ मौजूद चार अन्य नर्सों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
हाल ही में NRS अस्पताल में हुई थी पोस्टिंग
मृतका मूल रूप से पूर्वी मिदनापुर की रहने वाली बताई जा रही है और कोलकाता के दमदम इलाके में रहती थी। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी। हाल ही में उसका तबादला NRS मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुआ था। खास बात यह है कि उसने इसी संस्थान से नर्सिंग में MSc की पढ़ाई पूरी की थी।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि फेंटानिल या किसी अन्य दवा का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।