पाकिस्तान आगे, जबकि भारत देखते रह गया... मोदी-शाह पर भड़के राहुल गांधी, बोले-अरुणाचल में चीन का गश्त

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ईरान संकट के दौरान भारत ने अपनी रणनीतिक ताकत का इस्तेमाल नहीं किया और पाकिस्तान ने उसकी जगह ले ली।

Update:2026-08-13 19:26 IST

Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर विदेश नीति और चीन के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ईरान युद्ध को लेकर कहा कि भारत के पास इंटरनेशनल स्तर पर भूमिका मजबूत करने का बड़ा मौका था, लेकिन सरकार इसका फायदा नहीं उठा सकी।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारत के पुराने दोस्त ईरान और रूस के साथ-साथ अमेरिका से भी संबंध होने के बावजूद भारत मध्यस्थ की भूमिका नहीं निभा पाया और पाकिस्तान आगे निकल गया।

'इंदिरा गांधी होती तो बात कुछ और होती'

राहुल गांधी ने कहा, 'ईरान में युद्ध छिड़ गया। ऐसे समय में भारत को अपनी ताकत का इस्तेमाल करना चाहिए था और अगर उनकी नेता इंदिरा गांधी जैसी होतीं तो यह दुनिया का सबसे बड़ा अवसर था।' उन्होंने आगे कहा कि किस तरह का अवसर होता?

फिर उन्होंने इस पर बात करते हुए कहा कि ईरान हमारा पुराना दोस्त था, अमेरिका हमारा दोस्त था और रूस हमारा दोस्त था। हम आगे बढ़ सकते थे, अपनी ताकत को साबित कर सकते थे और दोस्ती का लाभ उठा सकते थे। लेकिन असल में क्या हुआ? ऐसा कुछ नहीं हुआ।

'पाकिस्तान ने उठाया इसका फायदा'

राहुल गांधी ने कहा, 'इसके बजाय पाकिस्तान ने दखल दिया और हमारी जगह ले ली। पाकिस्तान मध्यस्थ बन गया, जबकि भारत और मोदी जी बस देखते रहे... मुझे इन दिनों सीधे मोदी जी के कार्यालय से जानकारी मिल रही है। अंदर एक पूर्ण विद्रोह चल रहा है।'

'अरुणाचल में चीन नहीं करने दे रहा गश्त'

कांग्रेस नेता ने इसके बाद चीन के साथ सीमा विवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश में कुछ इलाकों में भारतीय सैनिकों की पेट्रोलिंग को लेकर चीन ने आपत्ति जताई और भारत को वहां गश्त करने से रोक दिया।

राहुल गांधी ने सरकार के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर दबाव में हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार मीडिया में कुछ खबरों को दबाने की कोशिश करती है।

गलवान के बाद प्रधानमंत्री के बयान का भी जिक्र

राहुल गांधी ने गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बैठक में कहा था कि चीन ने भारत की जमीन का एक इंच भी नहीं लिया।

उन्होंने दावा किया कि दूसरी ओर सेना की तरफ से अलग जानकारी सामने आई थी। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के बयान से चीन के साथ बातचीत कर रहे भारतीय प्रतिनिधियों की स्थिति कमजोर हुई।

Tags:    

Similar News