पेपर लीक के खिलाफ अब तेजस्वी यादव ने खोला मोर्चा! 19 अगस्त को दिल्ली में राजभवन तक मार्च करेगी RJD
तेजस्वी यादव ने एग्जाम और सेलेक्शन प्रोसेस में गड़बड़ियों के खिलाफ 19 अगस्त को दिल्ली में राजभवन तक मार्च निकालने का ऐलान किया है।
Tejashwi Yadav Over Paper Leak: पेपर लीक को लेकर चल रह घमासान में अब लालू यादव की पार्टी RJD भी कूद पड़ी है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने खुला एलान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी 19 अगस्त को दिल्ली में राजभवन तक मार्च निकालेगी। इस दौरान परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर राज्यपाल के सामने अपनी शिकायतें रखी जाएंगी।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में ऐसी कोई परीक्षा या भर्ती नहीं है, जिसमें पेपर लीक की शिकायत सामने न आती हो। उन्होंने कहा कि चाहे 10वीं की परीक्षा हो, 12वीं की परीक्षा हो या फिर सरकारी भर्ती परीक्षा, बार-बार पेपर लीक होने से निष्पक्ष चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।
'हर परीक्षा में पेपर लीक की शिकायत'
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में शिक्षा और भर्ती व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनके मुताबिक, छात्रों और नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को बार-बार परीक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी की वजह से मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय होता है। RJD नेता ने दावा किया कि राज्य में निष्पक्ष चयन प्रक्रिया लंबे समय से सुनिश्चित नहीं हो पाई है।
#WATCH | Patna, Bihar: RJD leader Tejashwi Yadav says, "There isn't a single exam or recruitment drive where the paper doesn't get leaked. Whether it is the Class 10 exam, the Class 12 exam, or a recruitment test, the paper leaks every time, and a fair selection process has never… pic.twitter.com/3usbYaTVFO
— ANI (@ANI) August 16, 2026
सीवान की घटना का भी उठाया मुद्दा
तेजस्वी यादव ने सीवान में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर गोलीबारी की गई और इस दौरान AK-47 का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया था। तेजस्वी ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कार्रवाई का आदेश किस स्तर से आया।
शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बिहार को शिक्षा के मामले में खराब प्रदर्शन करने वाला राज्य बताया। उनका कहना है कि परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में बार-बार सामने आने वाली शिकायतों से छात्रों और अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
कर्मचारियों की सैलरी को लेकर भी सरकार पर निशाना
इससे पहले तेजस्वी यादव ने बिहार की NDA सरकार पर कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि राज्य के खाली खजाने की वजह से वित्तीय अव्यवस्था जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
भ्रष्टाचार का भी लगाया आरोप
तेजस्वी यादव ने बिहार में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कथित तौर पर बिना रिश्वत दिए सरकारी काम कराना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि समय पर वेतन नहीं मिलने की समस्या केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विधायकों और मंत्रियों को भी इसका सामना करना पड़ रहा है।