'अफसर नहीं कर रहे काम, जबकि MP-MLA और कॉरपोरेटर खा रहे धक्के', BJP नेता विजय गोयल का अपनी ही सरकार पर गंभीर आरोप

बीजेपी नेता विजय गोयल ने दिल्ली MCD और सरकारी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को छोटे-छोटे कामों के लिए अधिकारियों के पीछे भागना पड़ रहा है।

Update:2026-08-25 16:05 IST

Delhi News: दिल्ली में नगर निगम और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम कराने के लिए चुने हुए जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों के पीछे भागना पड़ रहा है। गोयल ने कहा कि अगर किसी इलाके से कूड़ा उठवा दिया जाए तो ऐसा लगता है जैसे कोई बहुत बड़ा काम कर दिया गया हो।

विजय गोयल ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधते हुए X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'क्या विडम्बना है एमसीडी और सरकार के अफसर काम नहीं कर रहे और सांसद, एमएलए और कॉरपोरेटर उनसे काम करने के लिए गलियों सड़कों के धक्के खा रहे हैं। कहीं से कूड़ा उठवा देते हैं, तो लगता है बहुत बड़ा काम करवा लिया। ये नहीं देखते इन अफसरों के होते हुए कूड़ा होना ही क्यों था। नाली खड़ंजा सड़क सीवर बिजली पानी की समस्याओं पर चुने हुए प्रतिनिधि इन अफसरों से गिड़गिड़ाते हैं । फिर भी काम नहीं होते। फिर जनता को कौन पूछ रहा है?'

कूड़ा उठना भी बन गया बड़ी उपलब्धि

विजय गोयल ने दिल्ली में सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि किसी इलाके में अगर कूड़ा उठवा दिया जाए तो जनप्रतिनिधियों को ऐसा महसूस होता है जैसे उन्होंने कोई बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली हो।

उन्होंने सवाल किया कि जब किसी इलाके में कूड़ा जमा होता है तो अधिकारियों से यह नहीं पूछा जाता कि वहां कूड़ा जमा ही क्यों हुआ और समय पर उसकी सफाई क्यों नहीं हुई। गोयल का कहना है कि अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और यह भी देखा जाना चाहिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम समय पर क्यों नहीं हो रहे हैं।

नाली से लेकर सड़क तक की समस्याएं

बीजेपी नेता ने कहा कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लोगों को नालियों, मैनहोल, सड़कों, सीवर, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को दूर कराने के लिए भी सांसदों, विधायकों और पार्षदों को अधिकारियों से बार-बार संपर्क करना पड़ता है। इसके बावजूद कई मामलों में काम समय पर पूरा नहीं हो पाता।

दिल्ली सरकार और MCD दोनों पर BJP का नियंत्रण

विजय गोयल के बयान की खास बात यह है कि दिल्ली सरकार और MCD दोनों पर इस समय बीजेपी का नियंत्रण है। ऐसे में उनकी ओर से अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी वर्ष 2025 में दिल्ली की सत्ता में आई थी। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार का करीब 13 साल का शासन खत्म हुआ था।

जवाबदेही तय करने की जरूरत

विजय गोयल के बयान से एक बड़ा सवाल यह उठता है कि दिल्ली में नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। अगर किसी इलाके में लंबे समय तक कूड़ा पड़ा रहता है, सड़क खराब रहती है या सीवर और नालियों की समस्या बनी रहती है, तो संबंधित विभाग और अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

Tags:    

Similar News