NEET Re-Exam Guidelines: NTA ने जारी की एडवाइजरी, जानें ड्रेस कोड और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के नए नियम

NEET Re-Exam Guidelines: NEET UG 2026: नीट री-एग्जाम के लिए NTA ने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, ड्रेस कोड और सुरक्षा नियमों से जुड़ी नई गाइडलाइन जारी की है। जानें पूरी जानकारी।

Update:2026-06-19 13:58 IST

NEET Re-Exam Guidelines

NEET Re-Exam Guidelines: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET-UG री-एग्जाम को लेकर महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में परीक्षा केंद्रों पर लागू होने वाले बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, ड्रेस कोड और सुरक्षा जांच से जुड़े सभी नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई है। NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए सुरक्षा प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया जाएगा।

प्रवेश से पहले अनिवार्य बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन

NTA के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों की अनिवार्य फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) की जाएगी। इसके बाद प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। यह प्रक्रिया परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य है। हालांकि, यदि किसी तकनीकी कारण जैसे मशीन खराब होना, बायोमेट्रिक डेटा की गुणवत्ता खराब होना, UIDAI सर्वर से कनेक्टिविटी की समस्या या किसी शारीरिक कारण से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं हो पाता है, तो भी उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे मामलों में उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर एक लिखित घोषणा पत्र भरना होगा।

NTA ने यह भी साफ किया है कि किसी भी उम्मीदवार को बायोमेट्रिक प्रक्रिया के कारण अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर यह प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से पहले या परीक्षा समाप्त होने के बाद भी पूरी की जा सकती है।

ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र पर नियम (NEET Dress Code Rules)

एजेंसी ने उम्मीदवारों के लिए ड्रेस कोड से जुड़े निर्देश भी जारी किए हैं। उम्मीदवारों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। आवश्यकता होने पर फुल स्लीव या ऊनी कपड़े पहनने की अनुमति होगी, लेकिन इसके लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना जरूरी होगा। इसके अलावा, धार्मिक प्रतीकों जैसे कलावा, पगड़ी, हिजाब आदि पहनने की भी अनुमति दी गई है, बशर्ते उम्मीदवार सुरक्षा जांच के लिए अतिरिक्त समय लेकर पहुंचे।

परीक्षा केंद्र के अंदर ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल और ट्रांसपेरेंट पाउच में रखा एडमिट कार्ड ले जाने की अनुमति होगी। वहीं मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। भारी आभूषण, बड़े बेल्ट बकल और धातु की वस्तुओं पर भी रोक रहेगी।

फुटवियर, समय और परीक्षा अवधि (NEET UG Exam Guidelines)

NTA ने उम्मीदवारों को चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहनने की सलाह दी है। ऊंची हील वाले जूते पहनने पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच की जा सकती है। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। PwD/PwBD उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त समय की सुविधा के तहत परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।

NTA की अपील

अंत में, NTA ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्धारित रिपोर्टिंग समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से इनकार करना परीक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और इसके लिए कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

Tags:    

Similar News