UPSC Prelims रिजल्ट किस दिन होगा जारी? जानें संभावित तारीख और पूरी प्रक्रिया
UPSC Prelims Result 2026: यूपीएससी प्रीलिम्स 2026 परीक्षा का रिजल्ट जल्द जारी हो सकता है। अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट, AIR रैंक और मेंस परीक्षा की पात्रता की जानकारी यहां देख सकते हैं।
UPSC Prelims Result 2026
UPSC Prelims Result 2026: यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) की ओर से सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims 2026) और इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 24 मई 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थी अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आयोग द्वारा आंसर की जारी करने के बाद उम्मीदवारों से 31 मई तक आपत्तियां भी मांगी गई थीं। अब सभी की नजरें रिजल्ट की घोषणा पर टिकी हुई हैं।
कब तक जारी हो सकता है परिणाम? (UPSC Prelims Result 2026)
पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि यूपीएससी जल्द ही प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर सकता है। वर्ष 2025 में आयोग ने परीक्षा आयोजित होने के लगभग 17 दिन बाद परिणाम जारी कर दिया था। इसी पैटर्न के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार भी 10 जून 2026 तक प्रीलिम्स रिजल्ट जारी किया जा सकता है। हालांकि, आयोग की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
रिजल्ट के साथ जारी होगी टॉपर्स लिस्ट (UPSC Prelims Latest News)
यूपीएससी परिणाम जारी करने के साथ ही ऑल इंडिया रैंक (AIR) और टॉपर्स की सूची भी प्रकाशित करेगा। इससे अभ्यर्थियों को देशभर में अपनी स्थिति का पता चल सकेगा। पिछले वर्ष की परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने प्रथम स्थान हासिल किया था। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और आकांक्ष ढुल तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार भी उम्मीदवार टॉपर्स लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं।
ऐसे चेक कर सकेंगे अपना रिजल्ट (How To Check UPSC Result)
परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थी यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले उम्मीदवारों को वेबसाइट के होम पेज पर जाना होगा। वहां "What's New" सेक्शन में उपलब्ध रिजल्ट से संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रिजल्ट की पीडीएफ स्क्रीन पर खुल जाएगी। उम्मीदवार पीडीएफ डाउनलोड कर उसमें अपना रोल नंबर खोजकर परिणाम की जांच कर सकते हैं।
सफल उम्मीदवार होंगे मेंस परीक्षा के लिए पात्र
प्रीलिम्स परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवार मुख्य परीक्षा (Mains Exam) में शामिल होने के पात्र होंगे। यूपीएससी मुख्य परीक्षा में कुल 9 पेपर होते हैं, जिनमें प्रत्येक पेपर 250 अंकों का होता है। इसके अलावा भारतीय भाषा और अंग्रेजी भाषा के दो क्वालिफाइंग पेपर भी होते हैं, जिनके लिए 300-300 अंक निर्धारित हैं। मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। अंत में मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाती है, जिसके बाद सफल अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए किया जाता है।