कोरोना जितनी खतरनाक हेल्थ इमरजेंसी! शरीर के हर अंग पर हमला, WHO की पूर्व चीफ की चेतावनी से मचा हड़कंप
WHO की पूर्व चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने वायु प्रदूषण को कोरोना जैसी बड़ी पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी बताया है।
Air Pollution: कोरोना महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने देखा कि एक वायरस कितनी तेजी से लोगों की जिंदगी छीन सकता है। अस्पतालों में मरीजों की भीड़, ऑक्सीजन की कमी और हर तरफ मौत का डर था। लेकिन अब एक ऐसा खतरा हमारे बीच मौजूद है, जो दिखाई तो कम देता है, मगर धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खोखला कर रहा है। यह खतरा है वायु प्रदूषण।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की पूर्व चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने इसे कोरोना जैसी बड़ी पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी बताया है। उनका कहना है कि प्रदूषण का असर शरीर के लगभग हर अंग पर पड़ रहा है। यह समय से पहले मौत, डायबिटीज, अस्थमा, फेफड़ों की बीमारी और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ा रहा है। सवाल है कि आखिर प्रदूषण को कोरोना जितना खतरनाक क्यों माना जा रहा है?
कोरोना अचानक आया, प्रदूषण चुपचाप जिंदगी पर कर रहा हमला
डॉ. सौम्या स्वामीनाथन के मुताबिक, कोरोना और वायु प्रदूषण के बीच सबसे बड़ा अंतर यह है कि कोरोना अचानक सामने आया था। लोगों को उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, इसलिए डर भी बहुत था। वायरस तेजी से फैल रहा था और लोगों की जान जा रही थी। इसके उलट प्रदूषण लंबे समय से हमारे आसपास मौजूद है। सर्दियों में धुंध और धुएं के कारण यह साफ दिखाई देता है, लेकिन साल के बाकी महीनों में भी हवा में मौजूद जहरीले कण हमें नुकसान पहुंचाते रहते हैं।
यही वजह है कि लोग धीरे-धीरे प्रदूषित हवा के आदी हो जाते हैं। इसकी गंध और धुएं को सामान्य समझने लगते हैं। लेकिन प्रदूषण का असर धीरे-धीरे शरीर में जमा होता रहता है। यह तुरंत किसी महामारी की तरह दिखाई नहीं देता, मगर लंबे समय तक संपर्क में रहने से गंभीर बीमारियां पैदा कर सकता है। डॉ. स्वामीनाथन का कहना है कि इसका मतलब यह नहीं कि प्रदूषण कम जानलेवा है, बल्कि इसकी वजह से होने वाले नुकसान को पहचानना मुश्किल है।
PM2.5 के छोटे कण फेफड़ों से खून और बच्चे तक पहुंच सकते हैं
प्रदूषण को खतरनाक बनाने में PM2.5 की बड़ी भूमिका है। ये बेहद छोटे कण होते हैं, जिनका आकार इंसान के बाल की मोटाई का करीब 1/40 हिस्सा होता है। इतने छोटे होने के कारण ये सांस के साथ फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। वहां से ये खून में मिल सकते हैं और गर्भनाल के जरिए गर्भ में पल रहे बच्चे तक भी पहुंच सकते हैं।
इसका असर सिर्फ मां की सेहत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि गर्भ में बच्चे के विकास पर भी पड़ सकता है। डॉ. स्वामीनाथन के मुताबिक, ज्यादा प्रदूषण वाले इलाकों में रहने वाली महिलाओं में समय से पहले बच्चों का जन्म और कम वजन वाले बच्चों के पैदा होने की समस्या ज्यादा देखी गई है। प्रदूषण मां के शरीर में खून के संचार को भी प्रभावित कर सकता है।
बच्चों का दिमाग और फेफड़े भी हो रहे प्रभावित
बच्चों के लिए प्रदूषित हवा का खतरा और ज्यादा गंभीर है, क्योंकि बचपन में शरीर और दिमाग तेजी से विकसित होते हैं। खासकर शुरुआती तीन साल बच्चे के मानसिक और शारीरिक विकास के लिहाज से बेहद अहम होते हैं। इस दौरान बच्चों के अंग विकसित हो रहे होते हैं और उनकी सांस लेने की रफ्तार भी बड़ों के मुकाबले ज्यादा होती है।
डॉ. स्वामीनाथन ने बताया कि भारी प्रदूषण वाले इलाकों में बड़े होने वाले बच्चों के फेफड़े अपेक्षाकृत छोटे रह सकते हैं। प्रदूषण का असर उनके दिमाग और शारीरिक विकास पर भी पड़ सकता है। यानी बच्चे के जन्म से पहले ही प्रदूषित हवा उसके स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। अगर बचपन से ही बच्चे जहरीली हवा में सांस लेते हैं, तो इसका असर उनकी पूरी जिंदगी पर पड़ सकता है।
प्रदूषण से होने वाली मौतों का सही आंकड़ा मिलना भी मुश्किल
वायु प्रदूषण का एक बड़ा खतरा यह भी है कि इससे होने वाली मौतों की अलग से पहचान करना आसान नहीं है। डॉ. स्वामीनाथन के मुताबिक, किसी डेथ सर्टिफिकेट पर आमतौर पर यह नहीं लिखा होता कि व्यक्ति की मौत वायु प्रदूषण के कारण हुई है। प्रदूषण से जुड़ी बीमारियां अक्सर दूसरी वजहों के साथ दर्ज हो जाती हैं।
इसलिए प्रदूषण से होने वाले कुल नुकसान का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। कोई व्यक्ति अस्थमा, दिल की बीमारी या फेफड़ों की समस्या से जूझ रहा हो, तो उसके पीछे प्रदूषित हवा की भूमिका को अलग से पहचानना हमेशा संभव नहीं होता। यही वजह है कि प्रदूषण को सिर्फ सर्दियों की परेशानी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
AQI नहीं, अब AHQI की जरूरत पर जोर
डॉ. स्वामीनाथन ने हवा की गुणवत्ता मापने के मौजूदा तरीके में बदलाव की भी बात कही है। उनका सुझाव है कि सामान्य एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के साथ एयर क्वालिटी हेल्थ इंडेक्स (AHQI) पर भी काम होना चाहिए।
अभी AQI के जरिए हवा में मौजूद आठ प्रमुख प्रदूषकों को मापा जाता है। इनमें PM10, PM2.5, ओजोन, सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, लेड और अमोनिया शामिल हैं। इन सभी प्रदूषकों के अलग-अलग आंकड़ों में से जिस प्रदूषक का सब-इंडेक्स सबसे ज्यादा होता है, वही पूरे इलाके का AQI तय करता है।
लेकिन डॉ. स्वामीनाथन का मानना है कि सिर्फ प्रदूषण का स्तर बताना काफी नहीं है। यह भी समझना जरूरी है कि किसी खास प्रदूषक का गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर क्या असर पड़ रहा है। अलग-अलग शहरों में प्रदूषण की वजह भी अलग हो सकती है। कहीं PM2.5 ज्यादा नुकसान पहुंचा रहा है, तो कहीं ओजोन या नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर चिंता की वजह हो सकता है। AHQI के जरिए प्रदूषण को उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर के आधार पर समझने में मदद मिल सकती है।