गर्मी में भी हाथ-पैर ठंडे रहना... ये हैं इन 'खतरनाक' बीमारियों के संकेत, अनदेखा करना पड़ सकता है भारी!

Health Tips: गर्मियों में जब पूरा शरीर गर्म महसूस करता है, तब भी हाथ और पैर ठंडे रहना चिंता का विषय बन सकता है।

Update:2026-04-28 14:04 IST

Health Tips (photo: social media)

Health Tips: अक्सर लोग हाथ-पैर के ठंडे होने या सुन्न होने की दिक्कत को साधारण मानकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह शरीर में छिपी कई गंभीर समस्याओं का संकेत हो सकता है। खासकर गर्मियों में जब पूरा शरीर गर्म महसूस करता है, तब भी हाथ और पैर ठंडे रहना चिंता का विषय बन सकता है।

क्यों होती है ये समस्या ?

दरअसल, यह समस्या शरीर में रक्त संचार (ब्लड सर्कुलेशन) के सही तरीके से न होने का संकेत देती है। जब शरीर के सभी अंगों तक पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं पहुंच पाता, तो हाथ और पैर ठंडे पड़ जाते हैं। रक्त संचार ही शरीर में गर्मी बनाए रखने और ऊर्जा पहुंचाने का काम करता है।

पाचन तंत्र और तनाव भी बड़ा कारण

विशेषज्ञों का कहना है कि खराब पाचन तंत्र भी इस समस्या की एक बड़ी वजह हो सकता है। जब शरीर को भोजन से पर्याप्त पोषण और ऊर्जा नहीं मिलती, तो उसका असर सबसे पहले हाथ-पैरों पर दिखाई देता है। इसके अलावा अत्यधिक तनाव और शारीरिक कमजोरी भी नसों के कार्य को प्रभावित करते हैं, जिससे रक्त प्रवाह बाधित होता है।

रेनॉड्स रोग का खतरा

यदि लंबे समय तक हाथ-पैर ठंडे बने रहते हैं, तो यह स्थिति ‘रेनॉड्स रोग’ (Raynaud’s Disease) का रूप ले सकती है। इस बीमारी में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं और अंगों तक रक्त का प्रवाह कम हो जाता है। इससे दर्द, सुन्नपन और कभी-कभी वैरिकोज वेन्स जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

पोषण की कमी भी जिम्मेदार

शरीर में आयरन और जरूरी विटामिन्स की कमी भी इस समस्या को बढ़ा सकती है। इसलिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेना बेहद जरूरी है।

क्या करें बचाव के लिए ?

सबसे पहले आपको रोजाना सुबह-शाम टहलने की आदत डालना चाहिए। प्रतिदिन अपने हाथ-पैरों की नियमित तेल से मालिश करें, ज्यादा देर तक एक ही जगह पर ना बैठें और विटामिन से भरपूर आहार लें। इसके साथ ही तनाव कम करने के लिए योग और मेडिटेशन अवश्य करें।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसे अनदेखा करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, ताकि किसी गंभीर बीमारी से बचा जा सके।

Tags:    

Similar News