अनंत सिंह की बेटी की शादी में ऐसा जनसैलाब! 10 KM लंबा जाम, हजारों लोग फंसे, भगदड़ जैसे हालात?

अनंत सिंह और नीलम देवी की बेटी शिवांगी की शादी में नदवां गांव में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ी। 10 किलोमीटर लंबा जाम लगा, बिजली के टावर पर चढ़े दर्शक और सुरक्षा के चलते घुड़दौड़ स्थगित करनी पड़ी।

Update:2026-11-25 19:33 IST

Bihar News: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। पटना के नदवां गांव में आयोजित इस शाही शादी में शामिल होने और घुड़दौड़ देखने के लिए ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि सड़कें जाम हो गईं। हालात यह हैं कि करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। घुड़दौड़ देखने के लिए कुछ लोग 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर तक चढ़ गए। सुरक्षा को देखते हुए प्रतियोगिता रोकनी पड़ी।

25 नवंबर को शिवांगी और ऋषिकेश कुमार की शादी के आयोजन में लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान है। भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि नदवां और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। कई लोगों को अपने वाहन छोड़कर पैदल ही आयोजन स्थल तक पहुंचना पड़ा।


33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़े दर्शक, रोकनी पड़ी घुड़दौड़

शादी समारोह से पहले आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए भारी भीड़ जमा हुई। बिहार समेत देश के अलग-अलग राज्यों से करीब तीन दर्जन घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ पहुंचे थे। प्रतियोगिता का पहला इनाम महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर बाइक और तीसरे स्थान पर स्कूटी रखी गई थी।

लेकिन मुकाबले का रोमांच देखने के लिए लोगों में ऐसी होड़ मची कि मैदान में जगह कम पड़ गई। कई दर्शक पेड़ों और बिजली के खंभों पर चढ़ गए। कुछ लोग 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन टावर पर भी चढ़ते नजर आए। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रतियोगिता रोक दी गई। अनंत सिंह ने खुद भी मैदान में पहुंचकर रेस स्थगित करने का ऐलान किया। अब इसका फाइनल मुकाबला गुरुवार को कराया जाएगा।


ललन सिंह, बृजभूषण और साधु यादव समेत पहुंचे VVIP मेहमान

शिवांगी की शादी में राजनीतिक और चर्चित हस्तियों का जमावड़ा भी देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समारोह में पहुंचे। वहीं, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से नदवां पहुंचे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के साले साधु यादव भी शादी में शामिल हुए।

हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों को देखते हुए आयोजन स्थल पर हेलीपैड बनाए गए हैं। VVIP मेहमानों के आगमन को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो रहे हैं।

25 बीघे में पंडाल, लाखों मेहमानों के लिए महाभोज

अनंत सिंह की बेटी की शादी को भव्य बनाने के लिए करीब 25 बीघे में पंडाल तैयार किया गया है। इससे पहले शिवांगी की माँ और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने मेहंदी में डांस किया था जिसका वीडियो काफी लोगों ने पसंद किया था। मेहमानों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। अनंत सिंह के दावे के मुताबिक, चार लाख से अधिक लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है।

शादी के पकवानों की तैयारी के लिए सैकड़ों हलवाई और कारीगर लगाए गए हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, समारोह के लिए करीब 35 टन पनीर, चार क्विंटल बटर और लाखों रसगुल्लों की व्यवस्था की गई है। एक रिपोर्ट में 30 लाख रसगुल्ले तैयार किए जाने की बात कही गई है।

10 किलोमीटर तक जाम, व्यवस्था संभालने में जुटे आयोजक

शादी में उमड़ी भीड़ का असर पटना से मोकामा और बेगूसराय की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पड़ा है। अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों में जाम की लंबाई 8 से 10 किलोमीटर तक बताई गई है। वहीं, समारोह में पहुंचने वाले लोगों की संख्या को लेकर भी अलग-अलग अनुमान सामने आए हैं।

घुड़दौड़ स्थगित होने के बाद आयोजकों को मैदान खाली कराने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। इस शाही शादी ने नदवां गांव को किसी बड़े मेले में तब्दील कर दिया है।

फिलहाल सबसे बड़ा आकर्षण गुरुवार को होने वाला घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला है, जिसका इंतजार हजारों दर्शकों को है।

Tags:    

Similar News