बिहार में गंगा ने मचाई तबाही! नाव पलटने से 13 की मौत, कई बच्चे अब भी लापता

Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर 15-20 लोग सवार थे और शुरुआती जानकारी में 13 लोगों की मौत की सूचना है। कई बच्चे समेत कुछ लोग लापता हैं।

Update:2026-10-13 22:27 IST

Image Source- Social Media

Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार शाम बड़ा नाव हादसा (Boat Accident) हो गया। राघोपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी (Ganga River) में एक नाव अचानक पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे और हादसे में 13 लोगों की मौत होने की सूचना है। हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग भोज खाने के लिए जा रहे थे, तभी गंगा नदी में नाव पलट गई।

भोज खाने जा रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक, नाव पर सवार सभी लोग भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे। नाव में कई बच्चे भी सवार थे। इसी दौरान रामपुर श्यामचंद गांव के पास अचानक नाव पलट गई। नाव के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

कुछ लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि कई लोग नदी में डूब गए। शुरुआती जानकारी में 13 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। वहीं कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान (Rescue Operation) चलाया जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद नदी में बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

नदी से कुछ लोगों को बाहर भी निकाला गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ लोगों की हालत खराब है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव का काम तेजी से चल रहा है।

तेजस्वी यादव ने की प्रशासन से बात

हादसे को लेकर राघोपुर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को दुखद बताया और कहा कि डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। उन्होंने हादसे के बाद स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से भी बात की है। उन्होंने राहत और बचाव के साथ ही घायलों के उपचार के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

फिलहाल प्रशासन और राहत-बचाव टीम की नजर उन लोगों की तलाश पर है, जो नाव पलटने के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।

Tags:    

Similar News