बंगाल चुनाव से पहले BJP का ‘गेम प्लान’! बांग्लादेश में दिनेश त्रिवेदी होंगे भारत के नए उच्चायुक्त
Dinesh Trivedi: भारत सरकार जल्द ही बांग्लादेश में अपने नए उच्चायुक्त के रूप में वरिष्ठ नेता दिनेश त्रिवेदी की नियुक्ति कर सकती है।
Dinesh Trivedi
Dinesh Trivedi: भारत सरकार जल्द ही बांग्लादेश में अपने नए उच्चायुक्त के रूप में वरिष्ठ नेता दिनेश त्रिवेदी की नियुक्ति कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान उच्चायुक्त प्रणय वर्मा का तबादला ब्रसेल्स किया जा सकता है और उनकी जगह त्रिवेदी को ढाका भेजने की तैयारी चल रही है। यह संभावित नियुक्ति ऐसे समय में हो रही है जब भारत और बांग्लादेश के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत जारी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नियुक्ति की घोषणा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले की जा सकती है। दिनेश त्रिवेदी का पश्चिम बंगाल की राजनीति से गहरा संबंध रहा है, जिससे इस फैसले को केवल कूटनीतिक ही नहीं बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे लंबे समय तक राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और लोकसभा तथा राज्यसभा दोनों में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। दिनेश त्रिवेदी पहले केंद्र सरकार में रेल मंत्री और स्वास्थ्य राज्य मंत्री जैसे अहम पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था, जिसके बाद उनकी राजनीतिक भूमिका और प्रभाव बढ़ा है।
वर्तमान समय में भारत और बांग्लादेश के रिश्ते संवेदनशील दौर से गुजर रहे हैं। शेख हसीना के पद छोड़ने के बाद वहां के राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आया है, जिससे दोनों देशों के बीच संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। हालांकि, हाल के दिनों में दोनों देश संबंधों को सामान्य और मजबूत करने के प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में दिनेश त्रिवेदी की संभावित नियुक्ति को एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जो कूटनीति के साथ-साथ क्षेत्रीय राजनीति को भी प्रभावित कर सकता है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह निर्णय भारत-बांग्लादेश संबंधों को किस दिशा में ले जाता है।