Gen-Z को कैसे साधेगी BJP? नए IT चीफ दीपक म्हास्के ने बताया पूरा प्लान, बदलेगा डिजिटल गेम!
BJP New IT Cell Chief Deepak Mhaske Statement: बीजेपी के नए IT सेल प्रमुख दीपक म्हस्के ने Gen-Z और युवाओं को साधने की पार्टी की नई डिजिटल रणनीति का खुलासा किया है। Instagram, Facebook और WhatsApp के लिए अलग कंटेंट स्ट्रैटेजी, AI फेक न्यूज पर कार्रवाई और 2029 चुनाव की डिजिटल तैयारी को लेकर उन्होंने बड़ा प्लान बताया।
BJP New IT Cell Chief Deepak Mhaske Statement: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। पार्टी नेतृत्व ने अमित मालवीय के स्थान पर दीपक म्हस्के को बीजेपी IT सेल का नया राष्ट्रीय प्रमुख नियुक्त किया है। जिम्मेदारी संभालने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए म्हस्के ने पार्टी के भावी डिजिटल रोडमैप, फेक न्यूज से निपटने की कड़ी योजना और देश की युवा पीढ़ी (Gen-Z) तक पहुंचने के लिए विशेष रणनीति का पूरा खाका देश के सामने रखा।
ट्रोलिंग और व्यक्तिगत हमलों से दूरी
मीडिया से संवाद के दौरान दीपक म्हस्के ने पार्टी की विचारधारा को रेखांकित करते हुए कहा कि बीजेपी ट्रोलिंग, भ्रामक प्रचार या व्यक्तिगत आक्षेपों की राजनीति में कतई भरोसा नहीं रखती। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य देश के हर एक बूथ स्तर तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और संगठन का सकारात्मक संदेश पहुंचाना है। पार्टी अपनी डिजिटल ताकत का इस्तेमाल सामाजिक सद्भाव और विकास की बातों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए करेगी।
Gen-Z और युवाओं के लिए खास तैयारी
युवा पीढ़ी को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने के सवाल पर म्हस्के ने कहा कि आज का युवा सोशल मीडिया पर सबसे अधिक सक्रिय है। इस वर्ग तक पहुंचने के लिए पार्टी हर प्लेटफॉर्म की जरूरत के हिसाब से अलग कंटेंट तैयार करेगी। उदाहरण के तौर पर, इंस्टाग्राम पर सक्रिय युवाओं के लिए उसी फॉर्मेट में पॉजिटिव कंटेंट परोसा जाएगा। इसके अलावा, बीजेपी युवा मोर्चा के माध्यम से युवाओं के लिए विशेष डिजिटल अभियान और सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं फेसबुक और व्हाट्सएप इस्तेमाल करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए संदेश देने का तरीका अलग और सहज रहेगा।
फेक न्यूज और देशविरोधी कंटेंट पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
एआई (AI) जनरेटेड फेक नैरेटिव और भ्रामक जानकारी के खतरे पर बोलते हुए म्हस्के ने बेहद सख्त रुख अख्तियार करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी अपनी सीमाएं हैं। किसी को भी दूसरों का अपमान करने, समाज में भ्रम फैलाने या राष्ट्रीय हितों के खिलाफ लिखने का अधिकार नहीं है। जहां भी नियमों का उल्लंघन होगा अथवा देशविरोधी सामग्री साझा की जाएगी, वहां आईटी सेल कानूनी रास्ते अपनाने से पीछे नहीं हटेगा।
22 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात
डिजिटल रणनीति के भविष्य पर बात करते हुए नए आईटी सेल प्रमुख ने बताया कि वह 22 अगस्त को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करेंगे और आगामी सांगठनिक रोडमैप पर विस्तार से चर्चा करेंगे। टीम के कुछ सदस्यों द्वारा पुराने पोस्ट डिलीट करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नए दायित्वों के साथ सभी एक नई सकारात्मक शुरुआत कर रहे हैं। 2029 के आम चुनावों की तैयारी पर उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल मोर्चे पर विजय हासिल करना केवल आईटी सेल का नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक निष्ठावान कार्यकर्ता का साझा दायित्व है।