ध्रुव राठी की बढ़ीं मुश्किलें! साकेत कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट, अब क्या होगा?

Dhruv Rathee Non Bailable Warrant: साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। 'BJP IT Cell Part II' वीडियो से जुड़े इस केस में अब 3 दिसंबर को सुनवाई होगी।

Update:2026-11-23 14:40 IST

 Dhruv Rathee Non Bailable Warrant

Dhruv Rathee Non Bailable Warrant: यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। साल 2018 के मानहानि मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'BJP IT Cell Part II' नाम से एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए गए थे। इससे पहले भी अदालत की ओर से ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उनके कोर्ट में पेश नहीं होने के बाद अब गैर-जमानती वारंट का आदेश दिया गया है।

यह मामला सोमवार, 23 नवंबर को साकेत कोर्ट में सुनवाई के लिए आया। मुख्य न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने की। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख तय की है।

अक्टूबर में भी जारी हुआ था जमानती वारंट

शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन ने ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि राठी ने अपने चैनल पर वीडियो जारी कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। इस मामले में अदालत ने पहले 17 अक्टूबर और फिर 31 अक्टूबर को जमानती वारंट जारी किए थे।

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया था कि ध्रुव राठी के पते पर नोटिस तामील कराने पहुंचने पर घर बंद मिला। इसके बाद कोर्ट ने हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उनके पते पर नए समन भी जारी किए थे। हालांकि, निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद उनकी पेशी नहीं होने के चलते अब अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है।

इस मामले में अदालत ने पहली बार साल 2019 में ध्रुव राठी के खिलाफ समन जारी किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि 'BJP IT Cell Part II' वीडियो में लगाए गए कथित आरोपों से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।

CJP के प्रदर्शन में शामिल होने भारत आए थे ध्रुव राठी

ध्रुव राठी इस साल अक्टूबर की शुरुआत में CJP के प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए थे। बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्हें आंदोलन में शामिल होना था।

हालांकि, इसी दौरान गुरुग्राम स्थित उनके घर से उन्हें हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई थी। करीब 20 घंटे बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। रिहाई के बाद ध्रुव राठी ने आरोप लगाया था कि उनका अपहरण किया गया था। इस घटनाक्रम के कुछ दिनों बाद ही वह अचानक लंदन चले गए।

फिलहाल साकेत कोर्ट के ताजा आदेश के बाद इस पुराने मानहानि मामले में उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। अब सभी की नजर 3 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर है।

Tags:    

Similar News