दिशा सालियान केस में ₹500 करोड़ का नोटिस! आदित्य ठाकरे-अनिल देशमुख की बढ़ी मुश्किलें, 7 दिन का अल्टीमेटम

Disha Salian Case 500 Crore Notice: दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को ₹500 करोड़ का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में 7 दिन के भीतर माफी और जवाब की मांग की गई है।

Update:2026-09-17 12:16 IST

Disha Salian Case 500 Crore Notice: सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल ले आया है। दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का करारा कानूनी नोटिस भेजा है। इस भारी-भरकम मानहानि नोटिस के सामने आने के बाद राज्य के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। दिशा के पिता ने आरोप लगाया है कि इन दोनों बड़े नेताओं ने अपनी राजनीतिक ढाल बनाने के लिए एक दुखी पिता की कानूनी लड़ाई को 'राजनीति से प्रेरित' बताकर उनके चरित्र और ईमानदारी पर बेहद गंभीर सवाल उठाए हैं।

आदित्य ठाकरे के झूठे दावे

सतीश सालियान के वकील द्वारा भेजे गए इस लीगल नोटिस में कहा गया है कि आदित्य ठाकरे ने सार्वजनिक रूप से यह गलत और बेबुनियाद दावा किया था कि सीबीआई इस मामले की पहले ही जांच कर चुकी है और उन्हें क्लीन चिट दे चुकी है। ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया था कि सतीश सालियान का इस्तेमाल उन्हें परेशान करने के लिए एक राजनीतिक हथियार की तरह किया जा रहा है। पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने भी 23 मार्च 2025 को बयान देकर इस दावे का समर्थन किया था और इसे आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की साजिश बताया था। नोटिस में इन बयानों को पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना, झूठा और एक लाचार पिता की साख को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया है।

नोटिस में क्या लिखा है

कानूनी नोटिस में साफ शब्दों में लिखा गया है कि सतीश सालियान अपनी बेटी की कथित गैंगरेप और हत्या के न्याय के लिए सालों से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन दोनों नेताओं ने अपने निजी राजनीतिक हितों की रक्षा के लिए उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया जो अदालत और न्याय व्यवस्था का दुरुपयोग कर रहा है। गौरतलब है कि 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में एक बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण दिशा की मौत हो गई थी, जिसे पुलिस ने शुरुआती जांच में हादसा माना था। इसके महज छह दिन बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत हो गई थी। अब कोर्ट के कड़े रुख के बाद सीबीआई नए सिरे से इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

लिखित और वीडियो के जरिए बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग

सतीश सालियान ने इस कानूनी नोटिस के जरिए दोनों दिग्गज नेताओं से 500 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगने के साथ-साथ बिना शर्त लिखित और सार्वजनिक माफी की मांग की है। नोटिस के अनुसार, इस माफीनामे को देश के सभी प्रमुख अखबारों, टीवी चैनलों और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया जाना चाहिए। इसके अलावा, कम से कम तीन मिनट का एक वीडियो माफीनामा भी मांगा गया है, जिसे आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को अपने-अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर सार्वजनिक रूप से पोस्ट करना होगा। अब देखना यह होगा कि इस भारी-भरकम नोटिस पर दोनों नेताओं का क्या रुख रहता है।

Tags:    

Similar News