पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अचानक बेहोश होकर गिरे, आनन-फानन में ले जाए गए AIIMS, जानें क्या है हाल
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
Jagdeep Dhankhar: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। सूत्रों के मुताबिक, धनखड़ कुछ मिनट तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें PCR वाहन से घर पहुंचाया। इसके बाद ILBS की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और जरूरी इलाज दिया।
हालत को देखते हुए एंबुलेंस से AIIMS ले जाया गया
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती इलाज के बाद भी जगदीप धनखड़ की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से AIIMS ले जाने का फैसला किया गया। 75 वर्षीय धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं।
स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
जगदीप धनखड़ की तबीयत फिलहाल कैसी है, इसे लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। AIIMS प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी सेहत को लेकर अस्पताल की तरफ से आने वाली जानकारी का इंतजार है।
बता दें कि जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 में देश के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। उन्होंने जुलाई 2025 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।