‘दिवाली को ईद बताने की क्या जरूरत थी?’ खरगे के बयान पर मौलाना ने उठाए सवाल
Kharge Diwali Eid statement: मल्लिकार्जुन खरगे ने दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताया तो मौलाना साजिद रशीदी ने सवाल उठाए। उन्होंने खरगे और सुधांशु त्रिवेदी के बयानों को वोट बैंक की राजनीति से जोड़ा।
Mallikarjun Kharge Diwali Eid statement
Kharge Diwali Eid statement: त्योहार दिवाली का हो और चर्चा ईद की छिड़ जाए तो सियासत को नया मुद्दा मिलने में देर नहीं लगती. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए इसे 'खुशियों की ईद' क्या कह दिया, राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई. बीजेपी ने पहले ही उनके बयान पर सवाल उठाए थे और अब जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी (Maulana Sajid Rashidi) ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने खरगे और बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) दोनों के बयानों को वोट बैंक की राजनीति से जोड़ते हुए निशाना साधा है. रशीदी का कहना है कि दोनों तरफ से अपने-अपने वोट बैंक को ध्यान में रखकर बयान दिए जा रहे हैं.
'दिवाली के साथ ईद बोलने का मतलब नहीं बनता'
मौलाना साजिद रशीदी ने खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की राजनीति में काफी लंबा समय बीत चुका है, ऐसे में उन्हें दिवाली के साथ ईद जोड़ने की जरूरत नहीं थी. उनके मुताबिक, खरगे ने मुसलमानों के वोट साधने के लिए ईद शब्द का इस्तेमाल किया.
रशीदी ने कहा, ''दोनों तरफ से अपने-अपने वोट बैंक को साधने के लिए नपे-तुले बयान दिए जा रहे हैं. मल्लिकार्जुन खरगे की राजनीति में उम्र बीत गई. उनको दिवाली के साथ ईद बोलने का मतलब ही नहीं बनता था. उन्होंने मुसलमान वोट साधने के लिए ईद का प्रयोग कर लिया.''
सुधांशु त्रिवेदी के बयान पर भी मौलाना ने उठाए सवाल
मौलाना साजिद रशीदी ने बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हिंदू समाज आजादी से पहले और उसके बाद से ही मुस्लिम समुदाय के त्योहार को ईद कहता आया है. ऐसे में ईद शब्द के भारतीय समाज में अस्तित्व पर सवाल उठाना उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि ईद अरबी भाषा का शब्द है, लेकिन केवल इस आधार पर इसे भारतीय संस्कृति या मुसलमानों की संस्कृति से अलग नहीं किया जा सकता. रशीदी ने सवाल उठाया कि अगर हिंदू समाज में ईद के लिए कोई दूसरा नाम प्रचलित है तो उसे बताया जाना चाहिए.
उनका कहना था कि ईद को भारतीय समाज में लंबे समय से इसी नाम से पहचाना जाता रहा है. इसलिए इस शब्द को लेकर विवाद खड़ा करना भी राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा है.
खरगे ने दिवाली को बताया था 'खुशियों की ईद'
दरअसल, मल्लिकार्जुन खरगे ने दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को खुशियों से जोड़कर ईद का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि दीपावली भारत का बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं. यह खुशियों की ईद जैसा त्योहार है, जो कई दिनों तक चलता है और लोगों को सुख-शांति से रहने तथा अपनों से मिलने का अवसर देता है.