भाजपा-अकाली नशे के कारोबारी... पंजाब में गठबंधन पर आप नेता मनीष सिसोदिया का तीखा हमला, बोलें- किसानों के साथ हुई गद्दारी

बीजेपी और अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर AAP नेता मनीष सिसोदिया ने तीखा हमला बोला है।

Update:2026-11-24 17:18 IST

Punjab Assembly Elections 2027: दिल्ली में मंगलवार, 24 नवंबर को बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का ऐलान कर दिया। करीब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगी फिर एक साथ आए हैं। गठबंधन की घोषणा के साथ ही पंजाब की राजनीति में बयानबाजी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने इस गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए बीजेपी और अकाली दल को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह दो राजनीतिक दलों का गठबंधन है या फिर पंजाब को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले पुराने कारोबारी दोबारा एक साथ आ रहे हैं?

सिसोदिया ने कहा, 'ये बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन है या फिर पंजाब को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले पुराने नशे के तस्कर और कारोबारी एक बार फिर हाथ मिला रहे हैं? पंजाब की जनता सच्चाई जानती है।'

किसानों के आंदोलन का जिक्र कर बीजेपी को घेरा

मनीष सिसोदिया ने बीजेपी-अकाली दल के दोबारा साथ आने पर 2020 के किसान आंदोलन की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस समय पंजाब के किसानों ने केंद्र की बीजेपी सरकार को झुकाने के लिए भारी कीमत चुकाई थी। दिल्ली में धरना देने आ रहे पंजाब के किसानों को बीजेपी ने देशद्रोही तक कहा था। सिसोदिया के मुताबिक, 700 से अधिक किसानों की जान गई, किसानों ने लाठियां खाईं और कड़ाके की ठंड में सड़कों पर रातें बिताईं, लेकिन वे अपने हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटे।

सिसोदिया ने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने बीजेपी से नाता तोड़ने का नाटक किया था, लेकिन अब सत्ता की खातिर दोनों दल फिर साथ आ गए हैं। उनका कहना है कि जिस समय किसानों को समर्थन देने की जरूरत थी, उस वक्त अकाली दल ने बीजेपी से दूरी बना ली थी और अब चुनाव से पहले दोनों पार्टियां फिर एक मंच पर खड़ी हैं।

नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर अकाली-BJP पर आरोप

AAP नेता ने अपने बयान में पंजाब में नशे की समस्या और गैंगस्टरवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल और बीजेपी की जोड़ी के शासनकाल में पंजाब में नशे का कहर बढ़ा और राज्य की एक पूरी पीढ़ी बर्बाद हुई। सिसोदिया ने कहा कि पंजाब बड़ी मुश्किल से उस दौर के शिकंजे से बाहर निकला है और अब दोनों दल फिर से साथ आ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग न तो उस दौर को भूले हैं और न ही किसानों के साथ हुई कथित गद्दारी को। सिसोदिया ने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए एक बार फिर साथ आए इन दलों को पंजाब की जनता जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के लोग अब अपने भविष्य के साथ दोनों पार्टियों को खिलवाड़ नहीं करने देंगे।

24 साल पुराना गठबंधन, 2020 में टूटा था रिश्ता

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। दोनों दल 1996 से सितंबर 2020 तक सहयोगी रहे। पंजाब में 2007 से 2017 तक दोनों पार्टियों ने मिलकर सरकार भी चलाई। उस दौरान अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री थे और बीजेपी गठबंधन सरकार का हिस्सा थी।

सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए। अकाली दल ने कृषि कानूनों के विरोध में एनडीए से नाता तोड़ लिया था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा। उस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। अकाली दल को तीन और बीजेपी को दो सीटें मिली थीं।

2027 के चुनाव से पहले फिर साथ आए दोनों दल

अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया है। 24 नवंबर को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की। अमित शाह ने इसे पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया और कहा कि नशे तथा भ्रष्टाचार को खत्म करना गठबंधन की प्राथमिकताओं में रहेगा। सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आगे होने की बात कही गई है।

इस गठबंधन के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं की ओर से बीजेपी-अकाली दल पर हमले तेज हो गए हैं। मनीष सिसोदिया ने अपने बयान के जरिए किसान आंदोलन, नशे की समस्या और दोनों दलों के पुराने राजनीतिक रिश्ते को मुद्दा बनाया है। वहीं बीजेपी और अकाली दल ने गठबंधन को पंजाब के विकास और चुनाव में साथ मिलकर उतरने की दिशा में अहम कदम बताया है।

Tags:    

Similar News