Mehrauli Building Collapse: दिल्ली के महरौली में इमारत गिरने से अफरा-तफरी, कई लोगों के फंसे होने का आशंका
Mehrauli Building Collapse: दिल्ली के महरौली इलाके में एक पांच मंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
Mehrauli Building Collapse: साउथ दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र के सैदुलाजाब इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां अचानक एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत गिरने के बाद मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। इसके साथ ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआत में फायर डिपार्टमेंट को साकेत इलाके से इमारत गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद इसे गंभीर मामला मानते हुए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अब तक 4 लोग सुरक्षित निकाले गए
रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तेजी से काम शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालांकि कुछ लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका बनी हुई है।
भारी मलबा बना चुनौती
हादसे के बाद इमारत का मलबा काफी बड़े क्षेत्र में फैल गया है, जिससे बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। इसी कारण अतिरिक्त फोर्स और भारी मशीनरी को भी मौके पर बुलाया गया है। रेस्क्यू टीम लगातार मलबे को हटाकर अंदर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों की निगरानी में बचाव कार्य तेजी से चल रहा है।
युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी
घटनास्थल पर इस समय युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद भी बचाव कार्य में ली जा रही है। टीम मलबे के हर हिस्से को खंगाल रही है ताकि किसी भी फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता हर व्यक्ति की जान बचाना है और किसी भी स्थिति में राहत कार्य में तेजी लाई जा रही है।
जांच के आदेश संभव
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं। इमारत कैसे गिरी, इसकी तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है और लोग अभी भी घटनास्थल के आसपास जमा हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।