'घर में घुसने की कोशिश...' आधी रात निशु आजाद के घर आधी रात पत्थरबाजी...वीडियो जारी कर सुनाई खौफनाक दास्तां

Nishu Azad House Stone Pelting: यूट्यूबर निशु आजाद के घर आधी रात पत्थरबाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। निशु ने वीडियो जारी कर जान से मारने और रेप की धमकियों का आरोप लगाया और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।

Update:2026-09-06 11:40 IST

Nishu Azad House Stone Pelting: सोशल मीडिया की दुनिया से शुरू हुई एक जंग अब खौफनाक मोड़ ले चुकी है। प्रसिद्ध यूट्यूबर और इंफ्लुएंशर निशु आजाद के घर पर आधी रात को अज्ञात लोगों द्वारा जोरदार पथराव करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। निशु ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बालकनी और किचन में बिखरे पड़े पत्थर तथा टूटे हुए कांच के टुकड़े दिखाए हैं। इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। निशु ने आरोप लगाया है कि स्वतंत्र भारद्वाज के जेल जाने के बाद उसके समर्थक लगातार उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां दे रहे हैं।

जंतर-मंतर के आंदोलन से शुरू हुआ विवाद

इस पूरे विवाद की शुरुआत दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक आंदोलन के दौरान हुई थी। निशु आजाद और स्वतंत्र भारद्वाज दोनों ही सोशल मीडिया पर काफी मशहूर हैं। पहले दोनों के बीच इंटरनेट पर जुबानी जंग छिड़ी, जो देखते ही देखते प्रदर्शन स्थल पर हाथापाई में बदल गई। निशु का आरोप है कि बहस के दौरान स्वतंत्र ने उनके पिता संजय पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में सात टांके आए थे।

यह मामला तब और ज्यादा गर्मा गया जब एक इंटरव्यू में स्वतंत्र ने कटाक्ष करते हुए कह दिया कि राजनीतिक पहुंच के कारण वे जेल नहीं गए। इस बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई और विपक्षी दलों के नेताओं के पुलिस स्टेशन पहुंचने पर पुलिस ने स्वतंत्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया।

निशु का छलका दर्द

शनिवार देर रात शेयर किए गए बेहद भावुक वीडियो में निशु आजाद का डर साफ देखा जा सकता है। उन्होंने रोते हुए बालकनी में पड़े भारी पत्थरों को दिखाया और कहा कि कुछ लोग उनके घर में चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।

निशु ने कहा कि वे इस समय इतनी ज्यादा डरी हुई हैं कि उन्हें अपनी और अपने माता-पिता की जान का खतरा सता रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। निशु ने सीधे तौर पर स्वतंत्र भारद्वाज और उसके साथियों को इस हमले का कसूरवार ठहराया है और तत्काल पुलिस सुरक्षा की मांग की है।

घर के बाहर जमा होकर धमकियां देने का दावा

एक अन्य वीडियो संदेश में निशु ने खुलासा किया कि कुछ उपद्रवी तत्व आधी रात को उनके घर के बाहर आकर जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं और उन्हें अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं। निशु के मुताबिक, धमकी देने वाले लोग खुद को बड़े राजनीतिक संगठनों का समर्थक बताकर रौब झाड़ रहे हैं। उन्होंने घर के बाहर खड़े कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीरें भी साझा की हैं। इस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं, जबकि दूसरी तरफ स्वतंत्र के समर्थक इस पूरी कार्रवाई को कानून का दुरुपयोग बता रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Tags:    

Similar News