पंजाब में चुनाव अभी दूर, AAP ने पहले ही खोल दिया पिटारा! पहली लिस्ट में किसे मिलेगा टिकट?
AAP Candidate List 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने जा रही है। भगवंत मान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को PAC की बैठक के बाद करीब 15 नामों का ऐलान हो सकता है।
Punjab Assembly Election 2027
AAP Candidate List 2027: पंजाब की सियासत (Punjab Politics) में 2027 के विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) की आहट अभी से सुनाई देने लगी है। चुनाव में भले ही कई महीने बाकी हों, लेकिन आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने उम्मीदवारों के नामों पर पत्ते खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। यानी इस बार चुनावी मैदान में उतरने के लिए आखिरी वक्त तक इंतजार करने के बजाय AAP पहले ही अपने चेहरों को सामने लाना चाहती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने ऐलान किया है कि पार्टी 31 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची (First Candidate List) जारी करेगी। इस लिस्ट में करीब 15 नाम शामिल होने की संभावना है।
केजरीवाल और सिसोदिया के साथ हुई चुनावी रणनीति पर चर्चा
उम्मीदवारों के चयन (Candidate Selection) को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) के साथ बैठक की। इस दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई।
बैठक में पंजाब AAP के अध्यक्ष अमन अरोड़ा (Aman Arora) और राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा (Harpal Singh Cheema) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Video Conferencing) के जरिए शामिल हुए। पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया गया और कुछ चेहरों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
जानकारी के मुताबिक, पहली सूची में लगभग 15 उम्मीदवारों के नाम सामने आ सकते हैं। हालांकि, अंतिम संख्या और नामों पर फैसला पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (Political Affairs Committee-PAC) की बैठक के बाद होगा।
PAC की मुहर के बाद सामने आएंगे उम्मीदवारों के नाममुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि बैठक में जिन नामों पर सहमति बनी है, उनकी सूची राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) को भेजी जाएगी। शनिवार सुबह 11 बजे PAC की एक और बैठक प्रस्तावित है। इसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम चर्चा की जाएगी। इसके बाद पार्टी अपनी पहली सूची जारी कर सकती है।
मान के मुताबिक, 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर हुई बैठक में कई नामों पर विचार किया गया है और कुछ नामों को अंतिम रूप भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि PAC की बैठक के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि पहली सूची में कितने उम्मीदवारों को जगह मिलेगी।
2027 की जंग के लिए AAP ने क्यों तेज की तैयारी?
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने की संभावना है। मतदान फरवरी-मार्च के आसपास हो सकता है, हालांकि चुनाव आयोग (Election Commission) ने अभी तक चुनाव कार्यक्रम (Election Schedule) घोषित नहीं किया है।
पंजाब विधानसभा (Punjab Legislative Assembly) में कुल 117 सीटें हैं और मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं।
AAP की ओर से चुनाव से पहले उम्मीदवारों की सूची जारी करने की तैयारी को इसी रणनीति के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि समय से उम्मीदवारों के नाम घोषित करने से उन्हें अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों (Constituencies) में संपर्क बढ़ाने और चुनावी तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
पंजाब की राजनीति में फिलहाल मुकाबले की जमीन तैयार हो रही है। ऐसे में AAP की पहली सूची पर सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं की ही नहीं, बल्कि विरोधी दलों की भी नजर रहेगी। अब देखना होगा कि 31 अक्टूबर को पार्टी किन चेहरों पर भरोसा जताती है और क्या पहली सूची से ही पंजाब की चुनावी सियासत में नए समीकरण बनने शुरू हो जाते हैं।