जिसे कभी 'एंटी नेशनल' कहा, अब उसी अभिजीत दीपके को NDA में न्योता! किसने दिया खुला ऑफर?
Abhijit Deepke NDA Offer: अभिजीत दीपके को रामदास आठवले ने फिर अपनी पार्टी आरपीआई में शामिल होने का खुला न्योता दिया है। आठवले ने कहा कि दीपके आंबेडकरवादी हैं और पार्टी मजबूत करने के लिए युवाओं की जरूरत है।
Image Source- Social Media
Abhijit Deepke NDA Offer: कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को केंद्र की एनडीए सरकार में शामिल एक मंत्री की ओर से फिर पार्टी में आने का खुला न्योता मिला है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख रामदास आठवले (Ramdas Athawale) ने अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है।
रामदास आठवले ने कहा है कि उनकी पार्टी को मजबूत करने के लिए युवाओं की जरूरत है और अगर अभिजीत दीपके उनके साथ आते हैं तो वह उनका स्वागत करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि दीपके ने अभी तक उनके इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है।
'दीपके भी आंबेडकरवादी हैं'
बीते मंगलवार को नागपुर (Nagpur) में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दीपके भी एक आंबेडकरवादी हैं। उन्होंने दीपके से कहा था कि बाबासाहेब आंबेडकर की राजनीतिक पार्टी को मजबूत करने के लिए युवाओं की जरूरत है।
आठवले ने कहा कि अगर अभिजीत दीपके उनकी पार्टी के साथ जुड़ते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर दीपके आते हैं तो वह उनका स्वागत करेंगे।
पहले भी कई बार दे चुके हैं ऑफर
यह पहली बार नहीं है जब रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया यानी आरपीआई (RPI) से जुड़ने का न्योता दिया है। इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री कई बार दीपके को लेकर बयान दे चुके हैं।
आठवले ने सबसे पहले बीते अगस्त में अभिजीत दीपके को पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि बाबासाहेब आंबेडकर (Babasaheb Ambedkar) का सपना पूरा करने के लिए अभिजीत दीपके को उनकी पार्टी में शामिल हो जाना चाहिए।
इसके बाद से रामदास आठवले लगातार अलग-अलग मौकों पर दीपके को लेकर अपनी बात रखते रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने अभिजीत दीपके को अपने समाज का बताया है। हालांकि, इसी दौरान उन्होंने सीजेपी और उसके समर्थकों को लेकर नाराजगी भी जाहिर की है।
PM मोदी पर बयान को लेकर भी जताई थी नाराजगी
इसी महीने की शुरुआत में रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके को लेकर एक और बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि दीपके को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ खराब भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
आठवले लगातार अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी से जोड़ने की इच्छा जाहिर करते रहे हैं। अब एक बार फिर उन्होंने खुले तौर पर कहा है कि अगर दीपके आरपीआई के साथ आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा।
दीपके ने भी दिया था सरकार को जवाब
अगस्त में रामदास आठवले की ओर से एनडीए में शामिल होने के ऑफर पर अभिजीत दीपके ने भी सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने भाजपा (BJP) के कुछ मंत्रियों के पुराने बयानों का हवाला देते हुए सवाल उठाया था कि कुछ दिन पहले तक भाजपा के लोग उन्हें एंटी नेशनल बता रहे थे और अब उन्हें पार्टी में आने का न्योता दिया जा रहा है। दीपके के इस जवाब के बाद भी रामदास आठवले की ओर से उन्हें पार्टी में शामिल होने के न्योते का सिलसिला जारी रहा है।
फिलहाल चुनाव लड़ने का इरादा नहीं
अभिजीत दीपके पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिलहाल उनकी सीजेपी की ओर से चुनाव लड़ने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा है कि अभी उनकी टीम चुनावी राजनीति में उतरने के बजाय एक प्रेशर ग्रुप (Pressure Group) के रूप में काम करेगी।
ऐसे में एक तरफ रामदास आठवले लगातार अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी में आने का न्योता दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दीपके फिलहाल अपनी टीम को प्रेशर ग्रुप के तौर पर आगे बढ़ाने की बात कह चुके हैं। अब देखना होगा कि आठवले के इस ताजा ऑफर पर अभिजीत दीपके की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।