‘गंगा घाट पर चड्डी पहनकर घूमते हैं अंकल...’, रिया अहीर का वीडियो वायरल, हिंदुत्व पर सवाल
रिया अहीर का स्विमसूट और मोरल पुलिसिंग पर दिया बयान सोशल मीडिया पर वायरल है। गंगा घाट का उदाहरण देते हुए उन्होंने महिलाओं के पहनावे पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया।
Rhiya Ahir Viral Video: स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान वायरल होकर सुर्खियों में आईं रिया अहीर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट महिलाओं के पहनावे और मोरल पुलिसिंग को लेकर बहस छेड़ रहा है। रिया ने स्विमसूट को लेकर ट्रोल करने वालों पर तंज कसते हुए गंगा घाट का उदाहरण दिया और सवाल उठाया कि महिलाओं के कपड़ों पर आपत्ति जताने वालों की नजर पुरुषों के पहनावे पर क्यों नहीं जाती?
रिया अहीर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “मेरा ये वीडियो मुझे इंटरनेट पर मिला, और मैं इसे रखूंगी। हिंदुत्व के रक्षकों, जाओ अब मोरल पुलिस में।”
वीडियो में रिया कहती नजर आती हैं, “आपको इतनी दिक्कत हो रही है एक लड़की को बीच पर स्विमसूट पहने देखना, तो आप गंगा घाट पर वो अंकल जब चड्डी पहनकर घूमते हैं, तब आपके हिंदुत्व पर अटैक नहीं होता है?”
उनके इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ यूजर्स रिया के सवाल का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने उनके बयान को लेकर आपत्ति भी जताई है।
महिलाओं के कपड़ों पर मोरल पुलिसिंग का मुद्दा
रिया अहीर के पोस्ट का मुख्य फोकस महिलाओं के पहनावे को लेकर होने वाली मोरल पुलिसिंग पर है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी महिला का समुद्र तट पर स्विमसूट पहनना कुछ लोगों को आपत्तिजनक लगता है, तो पुरुषों के कम कपड़ों में सार्वजनिक स्थानों पर घूमने को लेकर वही पैमाना क्यों नहीं अपनाया जाता?
रिया का यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, उनके बयान पर लोगों की राय बंटी हुई है और पोस्ट के कमेंट सेक्शन में समर्थन और विरोध दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
स्टूडेंट प्रोटेस्ट से वायरल हुई थीं रिया अहीर
रिया अहीर को इसी साल एक स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान व्यापक पहचान मिली थी। मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह पुलिस वैन के सामने खड़ी नजर आई थीं। इसके बाद रिया इंटरनेट पर तेजी से चर्चित हो गईं।
हालांकि, रिया कई बार यह कह चुकी हैं कि उनकी पहचान केवल उस वायरल प्रोटेस्ट वीडियो तक सीमित नहीं है। उनका थिएटर और एक्टिंग से भी जुड़ाव रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह लंबे समय से थिएटर कर रही हैं और मॉडलिंग, एक्टिंग तथा बिजनेस से भी जुड़ी हैं। वह अपना हैंडक्राफ्टेड अपैरल लेबल भी चलाती हैं।
अब बिग बॉस 20 को लेकर भी चर्चा में रिया
रिया अहीर की चर्चा अब सोशल मीडिया विवाद से आगे बढ़कर ‘बिग बॉस 20’ तक पहुंच गई है। शो के नए प्रोमो में रिया अहीर और पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल को संभावित कंटेस्टेंट के तौर पर पेश किया गया है।
हालांकि, रिया की बिग बॉस में एंट्री अभी फाइनल नहीं हुई है। दोनों में से किसे शो में जगह मिलेगी, इसका फैसला कथित तौर पर दर्शकों के वोट से होना है।
‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में रिया अहीर का नाम शो शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।