'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, VIDEO हटाने की याचिका खारिज

'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे के वायरल वीडियो हटाने की मांग सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी। जानिए इटली के नेता के बयान और कोर्ट की अहम टिप्पणी।

Update:2026-11-27 23:04 IST

Supreme Court News: 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे से नाराज लोगों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के भारत समिट 2026 में इटली के एक राजनेता की ओर से लगाए गए इस नारे के वायरल वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने और विदेशी मेहमानों के भाषणों पर नियंत्रण लगाने की मांग वाली याचिका शीर्ष अदालत ने खारिज कर दी है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को दो टूक कहा कि पहले देश के नागरिकों के भाषण को नियंत्रित करने का आधार बताइए, उसके बाद विदेशियों के भाषण पर पाबंदी की बात कीजिए।

शुक्रवार को जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने इस मामले की सुनवाई की। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि याचिका किसी राजनीतिक दल या नेता के खिलाफ नहीं है। इसमें न तो राहुल गांधी को पक्षकार बनाया गया है और न ही कांग्रेस या तेलंगाना के मुख्यमंत्री को। याचिकाकर्ता किसी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी नहीं चाहता।

सोशल मीडिया से वीडियो हटाने की थी मांग

याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से मांग की कि मेटा और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे वाले वायरल वीडियो हटाने का निर्देश दिया जाए। साथ ही, भविष्य में विदेशी मेहमानों की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों में दिए जाने वाले भाषणों को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था बनाई जाए।

वकील का कहना था कि इटली के राजनेता ने भारत के लोकतंत्र पर टिप्पणी की और यह संदेश दिया कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अब भ्रष्ट हो चुका है। उनका आरोप था कि नारे का अंग्रेजी में अनुवाद करके सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे विवाद बढ़ा।

याचिकाकर्ता ने यह भी कहा कि उसे विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन तेलंगाना सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे आयोजनों में विदेशी मेहमान भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर इस तरह की टिप्पणियां न करें।


सुप्रीम कोर्ट ने क्यों खारिज की याचिका?

पीठ ने इन दलीलों से सहमति नहीं जताई। अदालत ने कहा कि यदि सरकार को भाषणों को नियंत्रित करने का अधिकार देने की बात करनी है तो सबसे पहले यह स्पष्ट करना होगा कि देश के अपने नागरिकों के भाषणों को नियंत्रित करने का आधार क्या है। इसके बाद ही विदेशी नागरिकों के भाषणों को नियंत्रित करने का सवाल उठ सकता है।

कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद याचिका खारिज कर दी गई।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा मामला कांग्रेस के भारत समिट 2026 से जुड़ा है, जिसका आयोजन हैदराबाद में हुआ था। इस कार्यक्रम में इटली के राजनेता और पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव फिलिबेक (Filibeck) ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया था। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।

यह नारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद से जुड़ा है। विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहा है।

इससे पहले 18 नवंबर को अधिवक्ता रिजवान अहमद ने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ के समक्ष इस मुद्दे का उल्लेख किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि तेलंगाना सरकार और कुछ संस्थाओं के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विदेशी राजनेता ने भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में हस्तक्षेप करते हुए आपत्तिजनक नारा लगाया। हालांकि, अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में वीडियो हटाने और भाषणों को नियंत्रित करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है।

Tags:    

Similar News