तमिलनाडु में खत्म हुआ इंतजार! दीपथून पर जला कार्तिगई दीपम, जयकारों से गूंज उठी तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी

मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद विवादित दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। दीप जलाने के लिए 30 किलो घी और 50 मीटर बाती का इस्तेमाल हुआ।

Update:2026-11-28 18:43 IST

Image Source – Social Media

Karthigai Deepam Controversy: तमिलनाडु में विवादित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जला दिया गया है। मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर लंबे समय से कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जलाया गया। दीपक जलते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान मुरुगन के जयकारे लगाए और पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की।

दीप प्रज्ज्वलन के दौरान सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त रिटायर्ड जज भी मौजूद रहे। अनुष्ठान को लेकर पहाड़ी और आसपास के इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

30 किलो घी और 50 मीटर बाती से रोशन हुआ दीपथून

दीप प्रज्ज्वलन के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने में करीब 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया। जैसे ही दीपक प्रज्ज्वलित हुआ, श्रद्धालुओं ने 'वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा' के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। इस धार्मिक आयोजन को देखने के लिए पहाड़ी के नीचे भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। दीपक जलने के बाद लोगों ने जश्न मनाया और आतिशबाजी भी की।

पहाड़ी पर जाने के लिए सिर्फ 50 श्रद्धालुओं को मिली अनुमति

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पहाड़ी पर लोगों की आवाजाही सीमित रखी थी। जिला प्रशासन के मुताबिक, दीप प्रज्ज्वलन के लिए केवल 50 श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई थी।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने पूरे पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा संभाली। बिना अनुमति पहाड़ी पर पहुंचने की कोशिश करने वालों को जवानों ने रोक दिया। सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन कराना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना था। CRPF के दक्षिणी क्षेत्र के महानिरीक्षक टी. विक्रम ने कहा कि बल का मुख्य उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू कराना था।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों दिया था दीपथून पर दीप जलाने का आदेश?

दरअसल, तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के स्थान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। परंपरागत रूप से यह दीपक उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। वहीं, हिंदू संगठनों की मांग थी कि पहाड़ी पर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर भी दीपक जलाने की अनुमति दी जाए।

यह स्तंभ पहाड़ी पर स्थित सिकंदर बादुशा दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। इस मांग को लेकर मामला अदालत तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक सीमित और एक बार के लिए दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को निर्धारित अवसर पर विवादित स्तंभ की बजाय पारंपरिक स्थान पर दीपक जलाया गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में आदेश का पालन नहीं किए जाने को लेकर अवमानना याचिका पर सुनवाई हुई।

आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने दिखाई सख्ती

27 नवंबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अपने पहले के निर्देशों का पालन नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने तमिलनाडु सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया और शनिवार को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया। अदालत ने मंदिर के न्यासी बोर्ड को भी निलंबित कर दिया और व्यवस्था की निगरानी के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया। इसके साथ ही पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF को सौंपने का निर्देश दिया गया।

Tags:    

Similar News