कौन हैं जय पुरी, वो भारतीय जिन्हें Nvidia के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग ने सरेआम कहा- मर जाओ तुम
Nvidia के अनुभवी अधिकारी जय पुरी का नाम जेन्सेन हुआंग की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर चर्चा में आया है।
Jay Puri: भारतीय मूल के टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव जय पुरी इन दिनों चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि Nvidia के पूर्व प्रमुख जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के 30 से ज्यादा बड़े अधिकारियों की मौजूदगी वाली एक बंद कमरे की मीटिंग में जय पुरी को लेकर बेहद अपमानजनक टिप्पणी की थी। 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना पिछले साल फरवरी में हुई थी।
रिपोर्ट में दावा किया गया कि हुआंग ने जय पुरी से कहा था, 'मुझे उम्मीद है कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत और खराब हो जाए।' एक अन्य रिपोर्ट में उनसे यह भी कहने का दावा किया गया कि 'मुझे उम्मीद है कि तुम मर जाओ।' हालांकि, ये बातें मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए दावे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मीटिंग के दौरान जय पुरी ने इस टिप्पणी पर कोई जवाब नहीं दिया। वहां मौजूद एक सूत्र ने बताया कि जेन्सेन हुआंग का गुस्सा दिखाना कोई नई बात नहीं थी, लेकिन जय पुरी को लेकर कही गई बातों से कमरे में मौजूद लोग हैरान रह गए। उस समय मीटिंग का माहौल काफी तनावपूर्ण और शांत हो गया था।
कौन हैं जय पुरी?
जय पुरी टेक्नोलॉजी की दुनिया के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने दो दशक से ज्यादा समय तक Nvidia में काम किया। कंपनी में वह एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट ऑफ वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस के पद पर थे। इस भूमिका में उनकी जिम्मेदारी कंपनी के दुनियाभर के सेल्स नेटवर्क, बिजनेस डेवलपमेंट, ग्राहकों के साथ संबंध और फील्ड ऑपरेशंस को संभालने की थी।
जय पुरी ने साल 2005 में Nvidia जॉइन की थी। शुरुआत में उन्हें वर्ल्डवाइड सेल्स का सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया था। इसके बाद वह कंपनी में लगातार आगे बढ़ते गए और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद तक पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगस्त 2026 में उन्होंने इस पद से हटकर कंपनी में सीनियर एडवाइजर की भूमिका संभाल ली।
Nvidia से पहले Sun Microsystems में किया 22 साल काम
Nvidia में आने से पहले जय पुरी ने Sun Microsystems में करीब 22 साल तक काम किया था। इस दौरान उन्होंने सेल्स, मार्केटिंग और जनरल मैनेजमेंट से जुड़ी कई बड़ी जिम्मेदारियां निभाईं। वह एशिया-पैसिफिक ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, Nihon Sun KK के प्रेसिडेंट और सॉफ्टवेयर एवं टेक्नोलॉजी के वर्ल्डवाइड सेल्स वाइस प्रेसिडेंट भी रहे।
अपने करियर के शुरुआती दौर में जय पुरी Hewlett-Packard, Booz Allen & Hamilton और Texas Instruments जैसी कंपनियों के साथ भी काम कर चुके हैं। इन कंपनियों में उनका काम प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मार्केटिंग और मैनेजमेंट कंसल्टिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़ा रहा।
जेन्सेन हुआंग के व्यवहार को लेकर क्या दावा किया गया?
जय पुरी का नाम सामने आने के बाद जेन्सेन हुआंग के काम करने के तरीके को लेकर भी चर्चा हो रही है। 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि हुआंग लंबी मीटिंग के दौरान कई बार अपना आपा खो देते थे और दूसरे अधिकारियों के सामने कर्मचारियों को फटकार लगाते थे।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि एक बार गुस्से में उन्होंने कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी की तरफ पानी की बोतल फेंक दी थी। हालांकि, सार्वजनिक तौर पर जेन्सेन हुआंग की छवि इससे अलग रही है। वह अक्सर काले रंग की लेदर जैकेट में नजर आते हैं और इंटरव्यू में अपने शुरुआती संघर्षों के बारे में बताते रहे हैं। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों में बर्तन धोने और टॉयलेट साफ करने जैसे काम करने का भी जिक्र किया है।