Jharkhand News: झारखंड के युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय फिल्म और टीवी प्रशिक्षण, SRFTI के साथ हुआ बड़ा MoU

Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच MoU हुआ। इसके तहत झारखंड के युवाओं को फिल्म, टेलीविजन, OTT और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।

Update:2026-07-22 21:33 IST

Jharkhand News (Image Credit-Newstrack)

रांची, 22 जुलाई। झारखंड सरकार ने राज्य के युवाओं को फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में मंगलवार को झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के माध्यम से राज्य में प्रस्तावित झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) को तकनीकी सहयोग मिलेगा और युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह समझौता झारखंड के प्रतिभाशाली युवाओं और कलाकारों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं और सरकार का उद्देश्य इन प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है।

शुरुआती चरण में शुरू होंगे शॉर्ट-टर्म कोर्स



 सरकार के अनुसार, JFTI के प्रारंभिक चरण में साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनीमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों में अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान किया जाएगा ताकि वे फिल्म उद्योग के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

OTT और सोशल मीडिया के लिए भी तैयार होंगे युवा



 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दौर केवल पारंपरिक सिनेमा तक सीमित नहीं है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और ओटीटी इंडस्ट्री तेजी से विस्तार कर रही है। ऐसे में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि JFTI इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं



 मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं से समृद्ध राज्य है। यहां पहले भी कई चर्चित फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है और भविष्य में इसे फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के अनेक कलाकारों में प्रतिभा है, जिन्हें सही प्रशिक्षण और मंच मिलने की आवश्यकता है।

उन्होंने संथाली फिल्म 'आंगेन' को मिले राष्ट्रीय सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह झारखंड की प्रतिभा का प्रमाण है। इसी प्रकार आने वाले समय में राज्य के और भी युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकारों का हुआ सम्मान



 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के कई प्रतिष्ठित फिल्मकारों को सम्मानित किया। इनमें तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त कर चुके बीजू टोप्पो, संथाली फिल्म 'आंगेन' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित रविराज मुर्मू, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित फिल्मकार अनुज कुमार तथा कुड़ुख फिल्म 'एडपा काना' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त निरंजन कुजूर शामिल रहे।

कला और रोजगार दोनों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं के लिए डॉक्टर और इंजीनियर बनना ही प्रमुख विकल्प माना जाता था, लेकिन आज रचनात्मक उद्योगों में भी रोजगार और उद्यमिता की असीम संभावनाएं हैं। राज्य सरकार चाहती है कि झारखंड के युवा फिल्म, टेलीविजन, एनीमेशन, डिजिटल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में भी अपनी अलग पहचान बनाएं।



 उन्होंने विश्वास जताया कि SRFTI के सहयोग से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में झारखंड के फिल्म उद्योग को नई दिशा देगी और राज्य के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार करेगी।

कार्यक्रम में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता, संस्थान के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News