Jharkhand: राज्यसभा में उठा झारखंड की बिजली उत्पादन का मुद्दा, केंद्र ने बताए नए थर्मल पावर प्लांट के बड़े अपडेट

Jharkhand News: केंद्रीय मंत्री ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि कोडरमा थर्मल पावर परियोजना के दूसरे चरण में 800-800 मेगावाट के दो नए यूनिट बनाए जा रहे हैं।

Update:2026-07-21 15:31 IST

Jharkhand News

Jharkhand News: झारखंड की बिजली उत्पादन क्षमता को लेकर राज्यसभा (Rajya Sabha) में अहम चर्चा हुई। राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी (Parimal Nathwani) ने केंद्र सरकार से पिछले पांच वर्षों में शुरू हुई, निर्माणाधीन और मंजूर नई थर्मल पावर परियोजनाओं (Thermal Power Projects) की जानकारी मांगी। इसके जवाब में केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक (Shripad Naik) ने बताया कि राज्य में इस समय तीन बड़े थर्मल पावर यूनिट पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे आने वाले समय में बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।

कोडरमा और पतरातू में बन रहे हैं नए पावर यूनिट

केंद्रीय मंत्री ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि कोडरमा थर्मल पावर परियोजना (Koderma Thermal Power Project) के दूसरे चरण में 800-800 मेगावाट के दो नए यूनिट बनाए जा रहे हैं। इन दोनों यूनिट के तैयार होने के बाद झारखंड को 1600 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता मिलेगी। इसके अलावा पतरातू थर्मल पावर परियोजना (Patratu Thermal Power Project) में 800 मेगावाट क्षमता वाले तीसरे यूनिट का निर्माण भी जारी है। इस यूनिट के पूरा होने के बाद राज्य की बिजली आपूर्ति और अधिक मजबूत होगी।

5 सालों में 2780 मेगावाट की परियोजनाएं हुईं शुरू

केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान झारखंड में कुल 2780 मेगावाट क्षमता वाले थर्मल पावर प्रोजेक्ट (Thermal Power Projects) शुरू किए गए हैं। इनमें नॉर्थ कर्णपुरा (North Karanpura) की 660-660 मेगावाट क्षमता वाली तीन यूनिट और पतरातू की 800 मेगावाट क्षमता वाली पहली यूनिट शामिल हैं। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य की बिजली उत्पादन व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

DVC और पीवीयूएनएल निभा रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका

राज्यसभा में दिए गए जवाब के अनुसार, कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (Koderma Thermal Power Station) का विकास दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (Damodar Valley Corporation) यानी डीवीसी (DVC) कर रहा है। वहीं पतरातू की तीसरी यूनिट का निर्माण पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (Patratu Vidyut Utpadan Nigam Limited) यानी पीवीयूएनएल (PVUNL) करा रहा है। यह एनटीपीसी (NTPC) और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited) का संयुक्त उपक्रम है।

स्वच्छ ऊर्जा को भी दिया जा रहा बढ़ावा

केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने यह भी कहा कि सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) को भी प्राथमिकता दे रही है। इसके लिए सौर ऊर्जा (Solar Energy), हरित हाइड्रोजन (Green Hydrogen) और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना है।

Tags:    

Similar News