Aloe Vera Gel on Face: पौधे से एलोवेरा जेल निकालकर चेहरे पर लगाते हैं? पहले जान लें ये जरूरी बातें
Aloe Vera Gel on Face: क्या पौधे से निकला एलोवेरा जेल सीधे चेहरे पर लगाना सुरक्षित है? जानिए एलोवेरा जेल लगाने का सही तरीका, पैच टेस्ट और जरूरी सावधानियां।
Aloe Vera Gel on Face (Image Credit-Social Media)
Aloe Vera Gel on Face: त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने के लिए लोग अक्सर प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करते हैं। इनमें एलोवेरा जेल काफी लोकप्रिय है। कई लोग घर में लगे एलोवेरा के पौधे की पत्ती काटकर उससे निकलने वाला जेल सीधे चेहरे पर लगा लेते हैं। माना जाता है कि एलोवेरा त्वचा को ठंडक देने और जलन को शांत करने में मदद कर सकता है। लेकिन क्या पौधे से निकला ताजा एलोवेरा जेल सीधे चेहरे पर लगाना सुरक्षित है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसे इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।
पत्ती काटते ही निकलने वाले पीले पदार्थ से रहें सावधान
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, एलोवेरा की ताजी पत्ती काटने पर उसके किनारों से पीले रंग का तरल पदार्थ निकल सकता है। इसे एलोइन (Aloin) कहा जाता है। संवेदनशील त्वचा पर इसके संपर्क से लालिमा, जलन या एलर्जी जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए पत्ती काटने के तुरंत बाद जेल निकालकर चेहरे पर लगाना सही तरीका नहीं माना जाता।
एलोवेरा जेल लगाने का सही तरीका क्या है?
अगर आप घर के पौधे से एलोवेरा जेल निकालकर इस्तेमाल करना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखें।
सबसे पहले पत्ती काटने के बाद उसे कुछ समय के लिए इस तरह रखें कि उसमें मौजूद पीला तरल बाहर निकल जाए। इसके बाद पत्ती को अच्छी तरह धो लें। फिर अंदर से साफ और पारदर्शी जेल निकालें।
चेहरे पर जेल लगाने से पहले त्वचा को पानी या हल्के फेसवॉश से साफ कर लें। इसके बाद जेल की बहुत पतली परत चेहरे पर लगाई जा सकती है।
कितनी देर तक चेहरे पर लगाकर रखें?
एक्सपर्ट की सलाह के अनुसार, ताजा एलोवेरा जेल को चेहरे पर लंबे समय तक लगाए रखने के बजाय 15 से 20 मिनट बाद पानी से धो लेना बेहतर है। एलोवेरा त्वचा को ठंडक देने और हल्की जलन या इन्फ्लेमेशन को शांत करने में मदद कर सकता है, लेकिन इसका असर हर व्यक्ति की त्वचा पर एक जैसा नहीं होता।
पहली बार इस्तेमाल कर रहे हैं तो पैच टेस्ट जरूरी
एलोवेरा प्राकृतिक चीज है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर व्यक्ति की त्वचा पर यह पूरी तरह सुरक्षित ही होगा। पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा सा जेल हाथ या कान के पीछे की छोटी जगह पर लगाकर पैच टेस्ट कर सकते हैं।
अगर वहां लालिमा, खुजली, जलन या किसी तरह की एलर्जी दिखाई दे तो इसे चेहरे पर इस्तेमाल न करें।
निकाला हुआ एलोवेरा जेल कैसे रखें?
अगर आपने जरूरत से ज्यादा जेल निकाल लिया है तो उसे साफ और एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर किया जा सकता है। हालांकि ताजा निकाले गए जेल को लंबे समय तक सुरक्षित मानकर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। करीब 3 दिन के भीतर इसका इस्तेमाल कर लेना बेहतर है और खराब या बदला हुआ जेल त्वचा पर नहीं लगाना चाहिए।
प्राकृतिक चीजों के इस्तेमाल में भी सावधानी जरूरी
एलोवेरा को त्वचा की देखभाल के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है। खासकर संवेदनशील त्वचा, एलर्जी या पहले से किसी त्वचा संबंधी समस्या वाले लोगों को चेहरे पर कोई भी नया उत्पाद या घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी विशेषज्ञ की राय पर आधारित है। किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले अपनी त्वचा की स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है। Newstrack इसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।