Healthy Hair Tips: गर्मियों में कितनी बार धोने चाहिए बाल? जानिए शैंपू करने का सही तरीका
Healthy Hair Tips: गर्मियों के मौसम में अगर आप भी रूखे, बेजान और चिपचिपे बालों की समस्या से परेशान हैं, तो जानिए हेयर केयर से जुड़ी कुछ जरूरी बातें
Hair Care Tips
Healthy Hair Tips: गर्मियों का मौसम आते ही चिलचिलाती धूप और पसीने की वजह से बालों का डैमेज होना एक आम समस्या है। इस मौसम में बाल रूखे, बेजान और चिपचिपे हो जाते हैं। बहुत से लोग बालों की यह स्थिति देखकर उन्हें रोज शैंपू से धोने लगते हैं। हालांकि, उन्हें यह जानकारी नहीं होती कि बालों को रोज धोना सही है या नहीं। आज हम आपको बताएंगे कि गर्मियों में बालों को कितनी बार धोना चाहिए और उनकी सही देखभाल कैसे करनी चाहिए।
क्या प्रतिदिन शैंपू करना चाहिए?
गर्मियों में धूल-मिट्टी और पसीना अधिक होने के कारण बाल जल्दी गंदे हो जाते हैं। लेकिन बालों की इस गंदगी को साफ करने के लिए रोजाना शैंपू का इस्तेमाल करना बिल्कुल सही नहीं है। दरअसल, हमारी स्कैल्प में प्राकृतिक तेल मौजूद होता है, जो बालों को स्वस्थ और पोषित बनाए रखने में मदद करता है।
जब हम रोजाना केमिकलयुक्त शैंपू का इस्तेमाल करते हैं, तो यह प्राकृतिक तेल को कम कर देता है। इससे बालों की सेहत प्रभावित होती है और वे रूखे, बेजान तथा कमजोर होने लगते हैं। साथ ही बालों का टूटना बढ़ सकता है और उनकी जड़ें भी कमजोर पड़ सकती हैं।
बाल धोने का सही तरीका
गर्मियों में बालों का जल्दी गंदा होना सामान्य बात है, लेकिन उन्हें साफ रखना भी उतना ही जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसम में बालों को सप्ताह में दो से तीन बार शैंपू से धोना पर्याप्त होता है। इससे अधिक शैंपू का उपयोग बालों को नुकसान पहुंचा सकता है।
अगर आप रोज घर से बाहर निकलते हैं और धूल-मिट्टी के कारण बाल गंदे हो जाते हैं, तो ऐसे में आप बिना शैंपू के केवल साफ पानी से बाल धो सकते हैं। साथ ही कोशिश करें कि बालों के लिए माइल्ड या नेचुरल शैंपू का ही इस्तेमाल करें।
बालों की सही देखभाल कैसे करें?
कुछ आसान उपाय अपनाकर आप गर्मियों में भी अपने बालों को स्वस्थ और चमकदार बनाए रख सकते हैं। तेज धूप में बाहर निकलते समय बालों को स्कार्फ, टोपी या दुपट्टे से ढंककर रखें, क्योंकि सूर्य की तेज किरणें बालों की नमी को कम कर सकती हैं।
इसके अलावा, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है, जिससे शरीर और बाल दोनों हाइड्रेटेड रहते हैं। सप्ताह में कम से कम एक बार बालों में तेल की मालिश जरूर करें। साथ ही तनाव को कम करने की कोशिश करें, क्योंकि अत्यधिक तनाव भी बालों के झड़ने और कमजोर होने का एक प्रमुख कारण बन सकता है।