MP Royal Family Firing: राजघराने में खूनी खेल! बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह को मारी गोली

MP Royal Family Firing: मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित नागोद के पूर्व राज परिवार में चल रहा पारिवारिक विवाद अब खूनी संघर्ष में बदल गया है।

Update:2026-06-13 08:14 IST

MP Royal Family Firing

MP Royal Family Firing: मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित नागोद के पूर्व राज परिवार में चल रहा पारिवारिक विवाद अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। परसमनिया गढ़ी में हुए एक विवाद के दौरान महिला ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी, जिसमें राज परिवार की बहू योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। योगिता सिंह रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी हैं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

अस्पताल में इलाज, हालत स्थिर

गोली लगने के बाद योगिता सिंह को पहले सतना के एक अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में उन्हें रीवा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि उन्हें अभी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

बेटे और भाई के साथ गई थीं पुश्तैनी घर

दर्ज शिकायत के अनुसार योगिता सिंह बेटे पृथुदेव सिंह और भाई नागेंद्र सिंह राठौर के साथ परसमनिया स्थित पुश्तैनी घर पहुंची थीं। उनका आरोप है कि वहां रहने वाली सुनीता परिहार ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और घर छोड़कर जाने के लिए कहा। योगिता के मुताबिक, जब उन्होंने वहां से जाने से इनकार किया तो सुनीता परिहार ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और राइफल से गोली चला दी। एक गोली उनके पेट के बाईं ओर लगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे को भी निशाना बनाकर फायरिंग की गई।

पहले भी हो चुका था विवाद

योगिता सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी महिला पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुकी है। परिजनों का आरोप है कि इस बार भी आरोपी ने एक नहीं बल्कि कई राउंड फायरिंग की। योगिता की मां नरेंद्र कुमारी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि सुनीता परिहार ने खिड़की से लगातार कई गोलियां चलाईं, जिससे परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई।

आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

सतना के पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने बताया कि आरोपी महिला सुनीता परिहार को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी राइफल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। हथियार की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। गौरतलब है कि नागोद रियासत की स्थापना वर्ष 1478 में परिहार राजपूतों द्वारा की गई थी। बाद में वर्ष 1950 में इसका भारतीय संघ में विलय हो गया। ऐतिहासिक रूप से यह रियासत 18वीं सदी तक ऊंचेहरा नाम से भी जानी जाती थी।

Tags:    

Similar News